महाराजपुर तीर्थ संगम में नर्मदा पुराण का आयोजनपंच चौकी महाआरती के एक वर्ष पूर्ण होने पर पुराण का आयोजन

दैनिक रेवांचल टाईम्स – मंडला। महाराजपुर स्थित पवित्र नर्मदा तीर्थ संगम में पंच चौकी महाआरती के एक वर्ष पूर्ण होने के पावन अवसर पर नर्मदा पुराण का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन संतोषी माता घाट स्थित टीन शेड में मां रेवा सेवा समिति एवं नर्मदा भक्तों के सहयोग से आयोजित है।


नर्मदा पुराण का शुभारंभ बूढ़ी माई माता मंदिर से निकाली गई कलश यात्रा के साथ किया गया। इसके पश्चात विधिवत नर्मदा पुराण का वाचन प्रारंभ हुआ। पुराण वाचन पंडित रंजीत दुबे द्वारा किया जा रहा है। प्रतिदिन प्रातः 5:30 बजे से पुराण का संस्कृत पाठ एवं दोपहर 2 बजे से संगीत मय हिंदी पाठ किया जा रहा है। यह आयोजन 28 जनवरी से प्रारंभ होकर 3 फरवरी तक चलेगा।


पंडित रंजीत दुबे ने बताया कि स्कंद पुराण के अंतर्गत रेवाखंड में मां नर्मदा की महिमा, उनके दिव्य स्वरूप एवं आशीर्वाद का विस्तार से वर्णन किया गया है। मां नर्मदा को रेवा, मेकलसुता, पापमोचनी एवं शंकरी जैसे नामों से भी जाना जाता है।


यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ आध्यात्मिक चेतना एवं पवित्र नदियों के महत्व को भी रेखांकित करता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार नर्मदा तट पर नर्मदा पुराण के श्रवण से भक्तों को आध्यात्मिक शांति एवं सुख समृद्धि के साथ जीवन के लिए प्रेरक संदेश प्राप्त होते हैं।
उल्लेखनीय है कि क्षेत्र में विगत एक वर्ष से मां नर्मदा को समर्पित पंच चौकी महाआरती माहिष्मती घाट की तर्ज पर नियमित रूप से की जा रही है। इस दौरान महाआरती के साथ भंडारे, घाट सफाई, दीपदान, सुंदरकांड पाठ मातृशक्तियों द्वारा सुहागलें सहित अनेक धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन संपन्न हुए हैं।

आयोजन समिति ने समस्त श्रद्धालुओं एवं नर्मदा भक्तों से नर्मदा पुराण में सहभागिता कर धर्मलाभ लेने की अपील की है।

Share This Article
Translate »