रैली निकाल तहसील कार्यालय का घेराव, सौपा ज्ञापन
दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला शैक्षणिक अव्यवस्थाओं के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद अंजनियाँ इकाई ने बुधवार को प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने तहसील कार्यालय का घेराव कर प्रतीकात्मक रूप से ताला जड़ा और कलेक्टर के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
कार्यकर्ता 11 बजे शासकीय महाविद्यालय अंजनियां परिसर में एकत्रित हुए। परिषद ने महाविद्यालय भवन निर्माण में हो रही देरी, सीएम राइज विद्यालय में कथित अनियमितताओं तथा मूलभूत सुविधाओं के अभाव को प्रमुख मुद्दा बताया। ज्ञापन में कहा गया कि अंजनियां महाविद्यालय की नई बिल्डिंग लंबे समय से अधूरी पड़ी है जिससे छात्र-छात्राओं को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
परिषद ने मांग की कि निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कर भवन महाविद्यालय प्रशासन को हस्तांतरित किया जाए। प्रदर्शन के दौरान निर्माण ठेकेदार भी मौजूद रहा। जिसने अप्रैल माह तक भवन हैंडओवर करने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही परिषद ने अंजनियां स्थित सीएम राइज विद्यालय भवन निर्माण में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई।
ज्ञापन में निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार पर कार्रवाई तथा गुणवत्ता परीक्षण से जुड़े इंजीनियरों एवं तकनीकी अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की गई है। परिषद का आरोप है कि अधूरे निर्माण के दौरान ही दीवारों में दरारें आना गंभीर लापरवाही को दर्शाता हैl
नवीन महाविद्यालय से सड़क की मांग-नवीन महाविद्यालय से मुख्य सड़क तक डब्ल्यूबीएम सड़क
निर्माण, परिसर में बाउंड्री वॉल एवं सांस्कृतिक मंच निर्माण, निजी शैक्षणिक संस्थानों में फायर एनओसी की जांच तथा अवैध रूप से संचालित कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
एबीवीपी पदाधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को सभी बिंदुओं पर त्वरित निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र निराकरण नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित।
