अंतर्राष्ट्रीय बाल कैंसर दिवस पर रेलवे हॉस्पिटल नरसिंहपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

नरसिंहपुर, 16 फरवरी 2026। अंतर्राष्ट्रीय बाल कैंसर दिवस के अवसर पर रेलवे हॉस्पिटल नरसिंहपुर में बच्चों एवं किशोरों में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष 2026 की थीम “स्वास्थ्य सेवाओं तक समान पहुंच” रखी गई है, जिसका मुख्य उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को समय पर जांच, उचित उपचार और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर के चिकित्सक डॉ. आर.आर. कुर्रे ने बताया कि कैंसर केवल बड़ों में ही नहीं, बल्कि बच्चों में भी गंभीर रूप से पाया जाता है। भारत में प्रतिवर्ष लगभग 50,000 बच्चों में कैंसर के नए मामले सामने आते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों में प्रमुख रूप से ब्लड कैंसर (ल्यूकेमिया), सीएनएस कैंसर, मांसपेशियों का कैंसर, लिंफ ग्लैंड कैंसर एवं हड्डी का कैंसर देखा जाता है।

समय पर पहचान से बढ़ती है जीवन रक्षा की संभावना
डॉ. कुर्रे ने बताया कि
यदि कैंसर की समय पर पहचान, सही जांच और उचित उपचार किया जाए तो बच्चों के स्वस्थ होने की संभावना काफी बढ़ जाती है। इस दौरान बच्चों और उनके परिवारों को भावनात्मक एवं चिकित्सीय सहायता प्रदान करने पर भी जोर दिया गया।

कैंसर के सामान्य लक्षण

विशेषज्ञों ने बाल कैंसर के कुछ प्रमुख लक्षणों के बारे में जानकारी दी, जिनमें शामिल हैं:
लगातार बुखार रहना
अचानक वजन कम होना
थकान, कमजोरी एवं पीलापन
बार-बार संक्रमण होना
रात में पसीना आना
सुबह सिर दर्द और उल्टी होना
आंखों में लालिमा या सूजन (रेटिनोब्लास्टोमा का संकेत)
पेट, कमर या बगल में दर्द या सूजन
इनमें से कोई भी लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की सलाह दी गई।
स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील
कार्यक्रम में चिकित्सकों ने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए:
बच्चों को मोबाइल से दूर रखकर खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करें
जंक फूड से बचें और संतुलित, पौष्टिक एवं प्रोटीन युक्त भोजन दें
मौसमी फल एवं पौष्टिक आहार का सेवन कराएं
स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखें


स्वास्थ्य जांच और परामर्श भी दिया गया
रेलवे हॉस्पिटल नरसिंहपुर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा अभिभावकों को कैंसर से बचाव, समय पर जांच और उपचार के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए आवश्यक हेल्थ टिप्स भी प्रदान किए गए।
चिकित्सकों ने संदेश दिया कि बाल कैंसर का समय पर निदान और उपचार संभव है तथा जागरूकता, सही देखभाल और समान स्वास्थ्य सुविधाओं से बच्चों को स्वस्थ जीवन प्रदान किया जा सकता है।

Share This Article
Translate »