रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
जितेन्द्र अलबेला
जिले के बिछुआ थाना क्षेत्र में मवेशी चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए पुलिस ने एक सक्रिय गिरोह को दबोचने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने महज 48 घंटों के भीतर चोरी गए दो बैल बरामद कर लिए हैं, साथ ही चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी जब्त किया है।
कोठे से उड़ाए थे 70 हजार के बैल
घटना 27 फरवरी की रात की है, जब ग्राम गोनावाड़ी निवासी किसान अशोक डोंगरे के कोठे से अज्ञात चोरों ने उनके दो बैल (कीमत करीब 70,000 रुपये) पार कर दिए थे। प्रार्थी की शिकायत पर बिछुआ पुलिस ने बीएनएस (BNS) की धारा 303(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की।

महाराष्ट्र में खपाने की थी तैयारी
पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने रात के अंधेरे में बैल चोरी किए और उन्हें पैदल ले जाकर पिकअप वाहन (MH40CM1559) में लोड किया। गिरोह इन बैलों को बेचने के लिए महाराष्ट्र के नरखेड़ ले गया था, लेकिन वहां सौदा न हो पाने के कारण वे बैलों को वापस ग्राम उल्हावाड़ी ले आए और छिपाकर रख दिया।
जब्त माल और गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से बरामदगी
02 नग बैल (कीमत 70 हजार रुपये)
01 पिकअप वाहन (क्रमांक MH40CM1559)
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
बेलनसिंह ठाकुर (40), निवासी उल्हावाड़ी
श्याम उइके (21), निवासी मुर्रा
निलेश भास्कर (34), निवासी उल्हावाड़ी
नरेश उर्फ हाडी (30), निवासी गोनावाड़ी
इनकी रही मुख्य भूमिका
इस त्वरित कार्रवाई में बिछुआ थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश उइके, सउनि शिवशंकर सिंह, प्रधान आरक्षक यशवंत मर्सकोले, अखिलेश रघुवंशी, आरक्षक सुमित बैस और नृत्यकिशोर मालवीय का विशेष योगदान रहा।
