दैनिक रेवांचल टाईम्स – बजाग विकासखंड अंतर्गत ग्राम तांतर में पेयजल समस्या के समाधान के लिए प्रशासन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पी.एच.ई.) विभाग और ग्रामवासियों की सहभागिता से प्रभावी पहल की जा रही है।
10 मार्च 2026 को ग्राम तांतर के ग्रामीणों ने पेयजल समस्या को लेकर जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत किया था। इस पर कलेक्टर श्रीमती अंजु पवन भदौरिया ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्या के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देशानुसार लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सहायक यंत्री एवं उपयंत्री द्वारा ग्राम तांतर का स्थल भ्रमण किया गया तथा जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों के साथ बैठक कर पेयजल व्यवस्था की स्थिति का अवलोकन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों से चर्चा कर ग्राम में उपलब्ध पेयजल स्रोतों की जानकारी ली गई।
बैठक में ग्रामवासियों ने बताया कि नल-जल योजना के माध्यम से ग्राम के सभी बसाहटों में नियमित रूप से जलप्रदाय नहीं हो पा रहा है, जिससे पेयजल की समस्या उत्पन्न हो रही है। इस पर सहायक यंत्री ने बताया कि नल-जल योजना हेतु स्थापित डगवेल में जल की आवक क्षमता कम होने के कारण फिलहाल एक दिन के अंतराल से आधे-आधे बसाहटों में जलप्रदाय किया जाना संभव है। इस प्रस्ताव पर ग्रामवासियों ने सहमति व्यक्त की।
साथ ही जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्यरत संविदाकार को डगवेल की गहराई बढ़ाने के निर्देश दिए गए, ताकि जल की उपलब्धता बढ़ाई जा सके और भविष्य में नियमित जलप्रदाय सुनिश्चित हो सके।
ग्राम की पेयजल समस्या के त्वरित समाधान के लिए ग्राम पंचायत से स्कूल के पास स्थापित हैंडपंप में सिंगल फेस मोटर स्थापित करने हेतु प्रस्ताव भी मांगा गया है, जिससे वहां से मोटर के माध्यम से अतिरिक्त पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन एवं ग्रामवासियों की सक्रिय जनसहभागिता से पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त किया।
