दैनिक रेवांचल टाइम्स बजाग – शासकीय महाविद्यालय बजाग में अध्ययनरत नियमित अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग, भोपाल द्वारा प्रदत्त निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें एवं स्टेशनरी सामग्री का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए पुस्तक और अध्ययन सामग्री के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में पुस्तकों का विशेष महत्व होता है, जो ज्ञान के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास में भी सहायक होती हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं और रुचियों के अनुरूप सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए निर्णय क्षमता विकसित करने की सलाह दी तथा करियर मार्गदर्शन के तहत रोजगार के अवसर, उच्च शिक्षा और कौशल विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी।
तहसीलदार बजाग भारत सिंह वटटे ने कहा कि विद्यार्थियों को अध्ययन में निरंतरता बनाए रखने और बेहतर प्रदर्शन के लिए यह योजना एक सराहनीय पहल है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार कुशवाह ने राज्य शासन की इस योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के शैक्षणिक, व्यक्तिगत और व्यावसायिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं तथा उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं।
पुस्तक एवं स्टेशनरी वितरण कार्यक्रम के दौरान बीआरसी बजाग ब्रजभान सिंह गौतम, पुस्तकालयाध्यक्ष सतीश कुमार वर्मा और डॉ. दुर्गा प्रसाद गुप्ता सहित महाविद्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने शासन एवं महाविद्यालय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि भारत सरकार की ओएनओएस पहल के अंतर्गत शोध को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न शोध जर्नल और पत्रिकाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
वहीं ई-ग्रंथालय के माध्यम से इंटरनेट संसाधनों द्वारा विद्यार्थियों को ऑनलाइन पुस्तकें और नोट्स भी निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं
