भाजपा कार्यालय में जिला कार्ययोजना एवं कार्यशाला संपन्न

Revanchal
7
3 Min Read

रेवांचल टाइम्स – मंडला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार आज जिला भाजपा कार्यालय में ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान–2026’ के अंतर्गत जिला कार्ययोजना बैठक एवं जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित किया गया। कार्यक्रम भाजपा संगठन जिला प्रभारी एवं पूर्व विधायक रमेश भटेरे तथा भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा के नेतृत्व में संपन्न हुआ।


कार्यशाला का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन के प्रति पूर्ण समर्पण एवं सेवा भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।
जिला प्रभारी श्री रमेश भटेरे जी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण महाअभियान केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त और सक्रिय बनाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के ‘अंत्योदय’ और ‘एकात्म मानववाद’ के सिद्धांतों को आत्मसात कर प्रत्येक कार्यकर्ता को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना है। संगठन की मजबूती ही राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। भाजपा जिलाध्यक्ष श्री प्रफुल्ल मिश्रा ने कहा कि व्यक्ति निर्माण से संगठन निर्माण और संगठन निर्माण से राष्ट्र निर्माण’ का मूल मंत्र आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा करते हुए मंडल एवं बूथ स्तर तक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा के साधक हैं। कार्यशाला में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जिला महामंत्री संतोष रजक, नरेश चंद्रोल, पंडित सिंह धुर्वे, अजजा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज मरकाम, पूर्व विधायक राम प्यारे कुलस्ते, पूर्व जिलाध्यक्ष रोची राम गुरबानी, डॉ. विजय आनंद मरावी सहित सभी मंडल अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, मंडल टोली एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


कार्यशाला के दौरान संगठन की विचारधारा, सेवा, समर्पण एवं अंत्योदय के मूल मंत्र को विस्तार से समझाया गया। आगामी संगठनात्मक गतिविधियों, बूथ सशक्तिकरण, सामाजिक संपर्क अभियान, सेवा कार्यों एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा कर जिम्मेदारियां तय की गईं।
कार्यक्रम में यह भी कहा गया कि यह प्रशिक्षण महाअभियान श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की विचारधारा को आत्मसात करते हुए आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने की दिशा में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का कार्य करेगा।
उपस्थित कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए नेताओं ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाए। संगठन की रीति-नीति, अनुशासन और समर्पण भाव के साथ कार्य करते हुए भाजपा को और अधिक सुदृढ़ बनाना ही इस महाअभियान का उद्देश्य है।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। भाजपा ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए आगामी कार्यक्रमों में भी इसी उत्साह एवं ऊर्जा के साथ सहभागिता का आह्वान किया।

Share This Article
Translate »