रेवांचल टाइम्स मंडला। स्वयं सिद्ध इंस्टिट्यूट ऑफ पैरामेडिकल कॉलेज में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी बीएमएलटी तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का माहौल उत्साह, भावनाओं और शुभकामनाओं से भरा रहा, जहां जूनियर छात्रों ने अपने सीनियर्स को यादगार विदाई दी।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुई। संस्था के डॉ. समीर साहू एवं राजेंद्र मेहरा ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर समारोह में रंग भर दिया। जूनियर छात्राओं ने गीत, और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से सीनियर विद्यार्थियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी। समारोह के दौरान बीएमएलटी तृतीय वर्ष के छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। संस्था के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को कोर्स पूर्ण होने पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई और कैरियर से जुड़े महत्वपूर्ण मार्गदर्शन भी दिए गए।
संस्था के प्राध्यापकों ने कहा कि पैरामेडिकल क्षेत्र में प्रशिक्षित युवाओं की समाज में महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बीएमएलटी का कोर्स पूरा करने के बाद विद्यार्थियों के सामने रोजगार और सेवा के अनेक अवसर उपलब्ध रहते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज की सेवा के लिए करें और अपने संस्थान का नाम रोशन करें।
विदाई समारोह के दौरान सीनियर विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने संस्था में बिताए गए अपने तीन वर्षों की यादों को साझा करते हुए शिक्षकों और जूनियर विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कई छात्र-छात्राएं भावुक भी नजर आए।
कार्यक्रम में राजेंद्र मेहरा, डॉ. समीर साहू, श्रीमती वर्षा तिवारी, श्रीमती वंदना तिवारी, सुरेंद्र यादव, अमीषा विश्वकर्मा, शीतल उईके, राजकुमारी सलाम, दीपेश खरे, दुर्गेश सेंद्रम, राजू नंदा सहित संस्था के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
समारोह का समापन सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए किया गया। यह विदाई समारोह विद्यार्थियों के लिए यादगार पल बन गया।
स्वयं सिद्ध इंस्टिट्यूट ऑफ पैरामेडिकल कॉलेज में बीएमएलटी तृतीय वर्ष के छात्रों का विदाई समारोह आयोजित
