डिंडोरी। कलेक्टर महोदया के निर्देशानुसार खाद्य विभाग द्वारा जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ कार्रवाई की गई। शनिवार 14 मार्च 2026 को सहायक आपूर्ति अधिकारी शमीम खान तथा कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी आकाश तुरकर ने संयुक्त रूप से विभिन्न होटलों और भोजनालयों में जांच की।
जांच के दौरान माँ रेवा होटल, पुरानी डिंडोरी तिराहा से 5 घरेलू उपयोग के एलपीजी सिलेंडर, नकुल होटल से 3 घरेलू एलपीजी सिलेंडर तथा मोले भोजनालय, बस स्टैंड डिंडोरी से 2 घरेलू एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए। इस प्रकार जिले के तीन प्रतिष्ठानों से कुल 10 घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किया जाना पाया गया।
खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर ही सभी 10 सिलेंडरों को जब्त कर डिंडोरी इंडेन गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में दे दिया। साथ ही द्रविकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण) विनियम आदेश 2000 के प्रावधानों के उल्लंघन पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध प्रकरण तैयार किया गया है।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करना नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में आगे भी लगातार जांच एवं कार्रवाई जारी रहेगी।
