घर के आंगन में घुसा कबर बीज्जू, वन विभाग ने रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा

Revanchal
4
2 Min Read

दैनिक रेवांचल टाइम्स सिवनी -सिवनी जिले के छपारा नगर में शुक्रवार रात एक घर के आंगन में कबर बीज्जू घुसने से हड़कंप मच गया। घटना खेरमाई मंदिर के पास रहने वाले प्रदीप के घर की है, जहां अचानक वन्य जीव दिखाई देने से परिवार और आसपास के लोग घबरा गए।


बताया गया कि शुक्रवार रात घर के सदस्यों को आंगन में हलचल महसूस हुई। जब उन्होंने ध्यान से देखा तो सीढ़ियों के नीचे एक कबर बीज्जू बैठा हुआ मिला। वन्य जीव को देखते ही परिवार के सदस्य घबरा गए और सुरक्षित दूरी बनाते हुए घर से बाहर निकल आए। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों और वन विभाग को इसकी सूचना दी।


सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग के कर्मचारी उदय उइके अपने साथियों के साथ कुछ ही देर में प्रदीप के घर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। टीम ने सबसे पहले लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी, ताकि रेस्क्यू कार्य में कोई बाधा न आए।


वन विभाग की टीम ने सावधानी के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कुछ देर की मशक्कत के बाद कबर बीज्जू को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया गया। इस दौरान मौके पर काफी संख्या में लोग जमा हो गए थे, जिन्हें कर्मचारियों ने शोर न करने और दूरी बनाए रखने की समझाइश दी।


रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम ने कबर बीज्जू को सुरक्षित कंटेनर में रखा और नगर से दूर जंगल क्षेत्र में ले जाकर प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया। वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।


वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई वन्य जीव आबादी वाले क्षेत्र में दिखाई दे तो घबराएं नहीं और तुरंत विभाग को सूचना दें, ताकि वन्य जीव और लोगों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Share This Article
Translate »