मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों को रोकने रेलवे हॉस्पिटल नरसिंहपुर की पहल, कॉलोनी व स्टेशन परिसर में कराया गया दवा का छिड़काव

Revanchal
6
3 Min Read

नरसिंहपुर, 12 मार्च 2026। मौसम बदलते ही मच्छरों के बढ़ते प्रकोप और उनसे फैलने वाली बीमारियों को रोकने के लिए रेलवे हॉस्पिटल नरसिंहपुर द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। रेलवे चिकित्सक डॉ. आर. आर. कुर्रे के अनुसार वेक्टर जनित बीमारियों से बचाव के लिए रेलवे हॉस्पिटल, रेलवे कॉलोनी और रेलवे स्टेशन परिसर में समय-समय पर इंसेक्टिसाइड दवा का छिड़काव कराया जा रहा है।


डॉ. कुर्रे ने बताया कि मौसम में अनुकूल तापमान मिलते ही मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ने लगती है, जिससे मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया और जीका वायरस जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि जहां भी मच्छर अपने लार्वा देते हैं, वहां से लगभग दो किलोमीटर के दायरे में बीमारी फैलने की संभावना बनी रहती है।


उन्होंने लोगों से अपील की कि मच्छरों से बचाव के लिए अधिक से अधिक सावधानी बरतें। जैसे फुल स्लीव कपड़े पहनना, नालियों की सफाई करना, जहां पानी जमा हो वहां मिट्टी भरना तथा नालियों में ब्लीचिंग पाउडर या इंसेक्टिसाइड का छिड़काव करवाना जरूरी है।


हेल्थ एजुकेशन कार्यक्रम के तहत मेडिकल टीम ने मनोज जवाहर (सीएचआई) के साथ रेलवे कॉलोनी में घर-घर जाकर निरीक्षण किया और उन स्थानों की जांच की जहां पानी जमा होकर मच्छरों के लार्वा पनपने की संभावना रहती है। कॉलोनीवासियों को स्वच्छता बनाए रखने और सप्ताह में कम से कम एक दिन कूलर का पानी पूरी तरह खाली करने की सलाह दी गई ताकि उसमें लार्वा न पनप सके।


मेडिकल टीम ने यह भी बताया कि गमले, पॉलिथीन, पत्तियां, पुराने टायर, बर्तन और पानी की टंकियों में पानी जमा होने से मच्छरों के लार्वा पनपने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे स्थानों की नियमित सफाई करना और आवश्यकता अनुसार एंटी-मॉस्किटो इंसेक्टिसाइड का छिड़काव करना जरूरी है।


रेलवे हॉस्पिटल की टीम ने रेलवे कॉलोनी और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में दवा का छिड़काव कर मच्छरों से होने वाली बीमारियों को रोकने का प्रयास किया। साथ ही लोगों से अपील की गई कि स्वयं जागरूक रहें और दूसरों को भी जागरूक करें, ताकि इन बीमारियों को रोका जा सके और सभी स्वस्थ रह सकें।

Share This Article
Translate »