नरसिंहपुर रेलवे अस्पताल में अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस पर सूर्यकांत त्रिपाठी निराला की जयंती मनाई गई

दैनिक रेवांचल टाईम्‍स नरसिंहपुर, 21 फरवरी 2026। अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के अवसर पर रेलवे अस्पताल नरसिंहपुर में महान हिंदी कवि सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर हिंदी भाषा के महत्व, उसके संरक्षण और दैनिक जीवन में अधिक से अधिक प्रयोग पर विशेष बल दिया गया।

कार्यक्रम में रेलवे चिकित्सक डॉ. आर.आर. कुर्रे ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदी भाषा को विश्व में सर्वोच्च स्थान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें अपनी दैनिक दिनचर्या, बच्चों की शिक्षा, सरकारी कार्यों तथा सामाजिक व्यवहार में हिंदी भाषा का अधिकाधिक उपयोग करना चाहिए। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि आवश्यकता होने पर हिंदी अक्षरों को प्रमुखता देते हुए बड़े रूप में और अंग्रेजी अक्षरों को छोटे रूप में दर्शाया जाना चाहिए, ताकि हिंदी को उचित सम्मान मिल सके।

इस अवसर पर हिंदी भाषा अधिकारी, हिंदी भाषा के साहू जी, रमेश जी सहित रेलवे अस्पताल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने हिंदी भाषा के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में महाकवि सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ के साहित्यिक योगदान पर भी प्रकाश डाला गया। उनकी रचनाओं में छायावादी सूक्ष्मता के साथ-साथ सामाजिक कुरीतियों पर करारा व्यंग्य, देश प्रेम, प्रकृति चित्रण और दीन-हीन जनों के प्रति गहरी संवेदना प्रमुख रूप से देखने को मिलती है। उनकी कविताओं ने हिंदी साहित्य को नई दिशा प्रदान की और मानवीय संवेदनाओं को प्रभावशाली अभिव्यक्ति दी।

कार्यक्रम का उद्देश्य हिंदी भाषा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, मातृभाषा के महत्व को समझाना तथा नई पीढ़ी को हिंदी साहित्य और संस्कृति से जोड़ना रहा। अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार का संकल्प लेते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

Share This Article
Translate »