स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी के दिव्य स्तंभ का लोकार्पण श्रद्धा एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न

Revanchal
6
2 Min Read

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से हुए शामिल


सिवनी, 26 फरवरी 2026। सिवनी जिला मुख्यालय स्थित शंकराचार्य चौक पर ब्रह्मलीन स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी महाराज के दिव्य स्तंभ का लोकार्पण श्रद्धा, आस्था और गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए और उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।


मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती का जीवन भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सिवनी जैसे पावन जन्मस्थल पर दिव्य स्तंभ की स्थापना गौरव का विषय है, जो आने वाली पीढ़ियों को धर्म, संस्कार और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देगा।


उन्होंने कहा कि हम सभी का दायित्व है कि स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के विचारों और आदर्शों को आत्मसात कर समाज में व्यापक रूप से प्रसारित करें। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार सनातन मूल्यों से प्रेरित होकर सुशासन की दिशा में कार्य कर रही है तथा भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़े स्थलों को तीर्थ के रूप में विकसित किया जा रहा है।


कार्यक्रम में विशेष रूप से स्वामी सदानंद सरस्वती की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने आदि शंकराचार्य के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए ब्रह्मलीन स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के आध्यात्मिक योगदान और राष्ट्रधर्म के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को स्मरण किया।


इस अवसर पर आचार्य महामंडलेश्वर रामकृष्णानंद, ब्रह्मचारी सुबुद्धानंद सहित अनेक संतगण उपस्थित रहे। साथ ही विधायक दिनेश राय, डीआईजी राकेश सिंह, कलेक्टर शीतला पटले, पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मेहता सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन कार्यक्रम में शामिल हुए।


दिव्य स्तंभ के लोकार्पण के साथ ही शंकराचार्य चौक आस्था और प्रेरणा का केंद्र बन गया है, जहाँ श्रद्धालु स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के आदर्शों को नमन करते हुए राष्ट्र और धर्म के प्रति समर्पण का संकल्प ले रहे हैं।

Share This Article
Translate »