,
एक साल में उखड़ने लगी डामर सड़क, विभाग भी नहीं दे रहा ध्यान
बजाग–सैलवार मार्ग की हालत खराब, जगह-जगह बने गड्ढों से राहगीर परेशान
बजाग – प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत बनाई गई बजाग से सैलवार तक करीब 9 किलोमीटर लंबी डामर सड़क निर्माण के महज एक वर्ष के भीतर ही खराब होने लगी है। सड़क की डामर परत कई स्थानों पर उखड़ गई है, जिससे नीचे की परत बाहर आ गई है और मार्ग तेजी से जर्जर होता जा रहा है।
सड़क की खराब स्थिति के कारण कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे वाहन चालकों और ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग जोखिम भरा बनता जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी ने जल्दबाजी में सड़क का निर्माण किया और गुणवत्ता का समुचित ध्यान नहीं रखा। परिणामस्वरूप, महज एक साल के भीतर ही सड़क की परतें उखड़ने लगी हैं और मार्ग बदहाल हो गया है।
बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण के साथ ही पांच वर्ष तक इसकी देखरेख और मरम्मत की जिम्मेदारी भी ठेकेदार की होती है, लेकिन इसके बावजूद मार्ग की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार कुछ दिन पहले ठेकेदार के कर्मचारियों ने जल्द ही मरम्मत कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्य शुरू नहीं किया गया है और केवल आश्वासन ही दिया जा रहा है।
सड़क की बिगड़ती हालत से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क की गुणवत्ता की जांच कराने और जल्द से जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं से बचा जा सके और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
