निरंकारी मिशन के प्रोजेक्ट अमृत के अंतर्गत संगम घाट में किया श्रमदान

स्वच्छ जल, स्वच्छ मन की ओर एक सार्थक कदम में 100 से अधिक संख्या में शामिल हुए संस्था के सदस्य, बच्चों ने भी की सहभागिता

दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला, संत निरंकारी मिशन की सेवा भावना और मानव कल्याण के संकल्प को साकार करने हेतु प्रोजेक्ट अमृत के अंतर्गत स्वच्छ जल,स्वच्छ मन अभियान मुखी महात्मा अनिल बानी के पावन सानिध्य में संगम घाट महाराजपुर मंडला पर किया गया। इस अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है,ताकि भावी पीढ़ियों को निर्मल जल और स्वस्थ पर्यावरण का वरदान प्राप्त हो सके।

संत निरंकारी मिशन ने बाबा हरदेव सिंह महाराज की प्रेरणादायक शिक्षाओं को आत्मसात करते हुए वर्ष 2023 में संस्कृति मंत्रालय,भारत सरकार के सहयोग से प्रोजेक्ट अमृत का शुभारंभ किया था।

इस दिव्य पल का उद्देश्य केवल जल स्रोतों की स्वच्छता सुनिश्चित करना ही नहीं बल्कि जल संरक्षण और मानव जीवन का अभिन्न अंग बनाने की सोच को विकसित करना है।

नदियों, झीलों, तालाबों,कुओं और झरनों जैसे प्राकृतिक जल स्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण को समर्पित महाभियान में अपने पहले तीन चरणों में अभूतपूर्व सफलता प्राप्त की है। इसी प्रेरणा के साथ इस वर्ष चौथे चरण को और अधिक व्यापक प्रभावी एवं दूरगामी दृष्टि से आगे बढ़ाया गया है, ताकि यह अभियान निरंतर विस्तार पाकर समाज में जागरूकता,सेवा और समर्पण की एक सशक्त लहर उत्पन्न कर सके।

बताया गया कि यह वृहद अभियान देश भर में 27 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 1500 से अधिक स्थानों पर एक साथ आयोजित किया गया है।इस अभियान की यह अभूतपूर्व व्यापकता इस ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करेगी, जिससे जल संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश और अधिक प्रभावशाली रूप से जन-जन तक पहुंचेगा।

वही माता सुदीक्षा महाराज भी यही प्रेरणा देती हैं कि हम इस धरती को और भी अधिक सुंदर स्वरूप में छोड़कर जाएं। यह अभियान इस संकल्प का एक साकार स्वरूप है जो समाज को जनता सेवा और समर्पण की दिशा में आगे बढ़ने का कार्य करेगा। अभियान में पुरुष,महिलाओं एवं बच्चों ने मिलकर 100 से अधिक संख्या में सहभागिता की।

Share This Article
Translate »