रेवांचल टाइम्स पन्ना
पवई। जनपद पंचायत के तत्वावधान में 12 जून से 14 जून 2026 तक नवीन ग्रामीण आजीविका भवन पवई में आयोजित खण्ड स्तरीय लोक कल्याण शिविर के दूसरे दिन विभिन्न विभागों द्वारा आमजन की समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदनों का निराकरण किया गया।
शिविर में जनपद अध्यक्ष श्रीमति मोहिनी आनंद मिश्रा, जनपद पंचायत सीईओ अखलेश उपाध्याय, जनपद सदस्य कमलेश तिवारी, दयाशंकर लोधी, आजीविका मिशन प्रबंधक दिनकर गर्ग सहित जनपद पंचायत, नगर पंचायत, महिला एवं बाल विकास, पशुपालन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई), शिक्षा एवं विद्युत विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं राजस्व विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी शिविर में अनुपस्थित रहे, जिससे संबंधित समस्याओं के निराकरण में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों को प्राप्त आवेदनों का विवरण इस प्रकार रहा—
नगर पंचायत विभाग को 100 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से किसी का भी निराकरण नहीं हो सका और सभी आवेदन विचाराधीन हैं।
जनपद पंचायत पवई को 566 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 302 आवेदनों का निराकरण किया गया।
पीएचई विभाग को 2 आवेदन प्राप्त हुए तथा दोनों का निराकरण कर दिया गया।
पशुपालन विभाग को 13 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कोई भी निराकृत नहीं हुआ और सभी विचाराधीन हैं।
विद्युत विभाग को 2 आवेदन प्राप्त हुए तथा दोनों का निराकरण किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग को 12 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 7 का निराकरण किया गया।
शिक्षा विभाग को कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ।
शिविर के दौरान आजीविका मिशन प्रबंधक दिनकर गर्ग द्वारा स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमति मोहिनी आनंद मिश्रा द्वारा दो समूह की बहनों को स्वरोजगार हेतु स्वीकृत ऋण एवं सहायता राशि के तीन तीन लाख रूपये के चेक वितरित किए।
लोक कल्याण शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान एवं शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है। शिविर का समापन 14 जून को होगा।
