दैनिक रेवांचल टाइम्स। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद भारतीय क्रिकेट टीम ने अपनी पहली द्विपक्षीय टी-20 सीरीज़ पर कब्जा जमाते हुए शानदार प्रदर्शन किया। हरारे में खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले में भारत ने जिम्बाब्वे को 90 रन से करारी शिकस्त देकर तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 219 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से ईशान किशन ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 81 रन बनाए। वहीं तिलक वर्मा ने नाबाद 60 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर भारतीय पारी को मजबूती दी।
220 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 17.5 ओवर में 129 रन पर सिमट गई।
भारतीय गेंदबाजी में अभिषेक शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए। वहीं प्रसिद्ध कृष्णा और यश ठाकुर ने 2-2 विकेट लेकर जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
इस शानदार जीत के साथ भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप के बाद अपनी पहली टी-20 श्रृंखला जीतकर नए अभियान की दमदार शुरुआत की है। बल्लेबाजों और गेंदबाजों के संतुलित प्रदर्शन ने टीम इंडिया के आत्मविश्वास को नई ऊंचाई दी है।
