बिजली की चरमराती व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों और एमपीईबी में विवाद, दोनों पक्ष पहुंचे थाने

Revanchal
3 Min Read

ग्रामीणों ने लगाया बिना सूचना बिजली काटने का आरोप,

विद्युत विभाग ने कार्य में बाधा की शिकायत की

दैनिक रेवांचल टाइम्स बजाग – थाना क्षेत्र के तरच, भुरसी और बघरेली गांवों में खराब विद्युत व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों और विद्युत विभाग के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। मामले में दोनों पक्षों ने थाना बजाग पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर बिना सूचना लंबे समय तक बिजली बंद रखने और लापरवाही के आरोप लगाए हैं, वहीं विद्युत विभाग ने लाइन सुधार कार्य में बाधा डालने और कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायत की है।

तरच ग्राम पंचायत क्षैत्र के ग्रामीणों की ओर से दिए गए आवेदन में बताया गया है कि पिछले लगभग दो माह से क्षेत्र में प्रतिदिन सुबह करीब 10 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली बंद रखी जा रही है। इससे पंचायत के ऑनलाइन कार्य, बच्चों की पढ़ाई, मोबाइल नेटवर्क और दैनिक जरूरतों के काम बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली कटौती को लेकर कोई पूर्व सूचना नहीं दी जाती और शिकायत करने पर भी जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता।


आवेदन में उल्लेख किया गया है कि शुक्रवार 23 मई को दोपहर करीब 2 बजे जेई और लाइनमैन गांव पहुंचे और बिजली बंद करने लगे। जब ग्रामीणों ने कारण पूछा तो बताया गया कि जेई के निर्देश पर सप्लाई बंद की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि मौके पर किसी प्रकार की मरम्मत सामग्री या बड़े सुधार कार्य की तैयारी दिखाई नहीं दी, इसके बावजूद लंबे समय तक बिजली बंद रखी गई।


वहीं दूसरी ओर विद्युत वितरण केंद्र बजाग सब स्टेशन के जूनियर इंजीनियर द्वारा थाना प्रभारी को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि तरच फीडर में 11 केवी लाइन के फॉल्ट सुधार कार्य के दौरान कुछ ग्रामीणों ने कर्मचारियों को काम करने से रोका गया । विभाग का कहना है कि कर्मचारियों द्वारा समझाने के बावजूद संबंधित लोग नहीं माने और कार्य बाधित करने का प्रयास किया गया, जिससे विद्युत सुधार कार्य प्रभावित हुआ।


क्षेत्र में लगातार बनी बिजली समस्या और बार-बार की कटौती को लेकर ग्रामीणों में पहले से नाराजगी बनी हुई है। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच घंटों बिजली बंद रहने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है, जबकि विभाग समय पर स्पष्ट जानकारी देने में भी असफल साबित हो रहा है। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है

👁️ 2 views Views
Share This Article
Translate »