जवा (रीवा)। जवा तहसील को जिला बनाए जाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। इसी उद्देश्य और जनभावना को मजबूत करने के लिए जवा क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल हजारलिंगी धाम, गोहटा में 21 दिवसीय अखंड नाम संकीर्तन का आयोजन प्रारंभ किया गया है। आयोजन के माध्यम से क्षेत्र के नागरिकों ने जवा को जिला बनाने की मांग को पुनः मुखर किया है।
आयोजकों के अनुसार 24 मई 2026 से प्रारंभ हुआ यह धार्मिक अनुष्ठान 13 जून 2026 तक चलेगा, जिसमें भगवान शिव के पंचाक्षरी महामंत्र “ॐ नमः शिवाय” का अखंड जाप किया जा रहा है। 14 जून को हवन, पूजन एवं पूर्णाहुति का कार्यक्रम आयोजित होगा, जबकि 15 जून को भव्य भंडारा एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा।
अभियान के संयोजक एवं मानवाधिकार परिषद, मध्यप्रदेश के कानूनी सलाहकार गोपाल सिंह बघेल ने बताया कि जवा भौगोलिक, प्रशासनिक एवं आर्थिक दृष्टि से जिला बनने की सभी आवश्यकताओं को पूरा करता है। उन्होंने कहा कि जवा के आसपास त्योंथर, गढ़ी, डभौरा और सिरमौर जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र स्थित हैं, जिससे यह क्षेत्र जिला मुख्यालय के रूप में उपयुक्त साबित हो सकता है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2016-17 में भी “हम सबने ठाना है, जवा को जिला बनाना है” अभियान चलाया गया था, लेकिन कोरोना महामारी के कारण इसकी गति धीमी पड़ गई थी। अब एक बार फिर क्षेत्रवासियों ने इसी संकल्प के साथ आंदोलन और जनजागरण अभियान को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।
आयोजकों का कहना है कि यह धार्मिक आयोजन केवल आध्यात्मिक उन्नति के लिए ही नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास और जवा को जिला बनाए जाने की मंगल कामना के लिए भी किया जा रहा है। उन्होंने समाजसेवियों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों एवं क्षेत्रवासियों से हजारलिंगी धाम पहुंचकर संकीर्तन में सहभागिता करने और जवा को जिला बनाने की मांग को मजबूत करने की अपील की है।
“जवा बनेगा जिला, यह हमारा संकल्प है” के उद्घोष के साथ क्षेत्र में जनसमर्थन जुटाने का प्रयास लगातार जारी है।
