ग्राम पंचायत पड़रिया एवं जल जीवन मिशन के ठेकेदार की पहल से ग्रामीणों को मिलेगा स्वच्छ पेयजल
रेवांचल टाइम्स नारायणगंज मंडला ग्राम पंचायत पड़रिया के अंतर्गत जल प्रदाय करने वाली पानी टंकी की व्यापक सफाई कर वर्षों से जमा गंदगी और लगभग दो फीट मालवा को बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि टंकी के निर्माण के बाद से इसकी नियमित सफाई नहीं हो पाई थी, जिसके चलते पेयजल की गुणवत्ता को लेकर चिंताएं बनी हुई थीं।सफाई अभियान के दौरान टंकी के तल में जमा गाद, कचरा एवं अन्य अवशेषों को हटाकर टंकी को पूरी तरह स्वच्छ किया गया। विशेषज्ञों के अनुसार पेयजल भंडारण टंकियों की समय-समय पर सफाई नहीं होने से जल दूषित हो सकता है, जिससे जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
इस महत्वपूर्ण कार्य में ग्राम पंचायत पड़रिया तथा जल जीवन मिशन के ठेकेदार द्वारा सराहनीय पहल की गई। दोनों के संयुक्त प्रयास से टंकी की सफाई कर ग्रामीणों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। ग्रामीणों ने भी इस कार्य की सराहना करते हुए इसे जनस्वास्थ्य के लिए बेहद आवश्यक बताया। स्थानीय लोगों का कहना है कि दूषित पानी से होने वाली संभावित स्वास्थ्य समस्याओं को देखते हुए यह कार्य समय की आवश्यकता था। अब टंकी की सफाई के बाद क्षेत्रवासियों को पहले की अपेक्षा अधिक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल मिलने की उम्मीद है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि भविष्य में भी पानी टंकियों की नियमित सफाई एवं निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि जल की गुणवत्ता बनी रहे और लोगों को लगातार शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके। ग्राम पंचायत पड़रिया एवं जल जीवन मिशन से जुड़े जिम्मेदारों के इस प्रयास को क्षेत्र में एक सराहनीय और जनहितकारी पहल के रूप में देखा जा रहा है।
