
दैनिक रेवांचल टाइम्स बिछिया (मंडला)। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत दिनांक 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक जिलेभर में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विकासखंड बिछिया में नशा मुक्ति जागरूकता रैली एवं विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) बिछिया श्री सौरव तिवारी ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने युवाओं से खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और नशे से सदैव दूर रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर लगभग 1200 छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों, पुलिस विभाग, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। नगर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई जागरूकता रैली में प्रतिभागियों ने “नशे से दूरी, खेलों से दोस्ती” का संदेश देते हुए आमजन को नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया।
रैली के उपरांत कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, पिट्टू एवं एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 200 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक ऊर्जा, अनुशासन एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में श्री वीरेन्द्र परतेती, प्राचार्य, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बिछिया मुख्य अतिथि ने नशा मुक्ति अभियान की रूपरेखा, नशे के दुष्परिणाम तथा पुलिस विभाग द्वारा संचालित जनजागरूकता गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी तथा सभी उपस्थितजनों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्री शशांक मिश्रा, युवा समन्वयक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा किया गया।
इस अवसर पर खेल विभाग से श्री प्रमोद मरावी, श्री अवध कुमार पटेल, श्री जमादार धुर्वे, श्री लीला सिंह पंद्रो, श्री प्रखर पटेल, श्रीमती लक्ष्मी तेकाम, श्री दीपांशु हरदहा, श्री दिनेश राठौर, श्री अकल सिंह मरावी, शिक्षा विभाग से श्रीमती श्वेता वरकड़े एवं श्रीमती अर्चना उइके सहित पुलिस, शिक्षा एवं खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन नशामुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
