गुरु पूर्णिमा पर शासकीय कन्या परिसर बजाग में महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व का आयोजन, छात्राओं ने किया गुरुओं का सम्मान,

Revanchal
2 Min Read

दैनिक रेवांचल टाइम्स बजाग। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर शासकीय कन्या शिक्षा परिसर में शासन के निर्देशानुसार महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने अपने गुरुओं का सम्मान कर उनके प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त की। इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति ने समारोह को आकर्षक बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तहसीलदार भरत सिंह बट्टे रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में बीआरसी ब्रजभान सिंह गौतम, प्राचार्य बलवीर मरावी, अधीक्षिका अलका धुर्वे, विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति के सदस्य,महिला वाल विकास तथा आजीविका कार्यालय के कर्मचारी,अधिकारी सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।


कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं महर्षि सांदीपनि के चित्र पर माल्यार्पण और सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद गुरुओं का स्वागत एवं सम्मान किया गया। समारोह में शिक्षा के महत्व और गुरु-शिष्य परंपरा पर व्याख्यान एवं उद्बोधन हुए। छात्राओं और शिक्षकों के बीच गुरु-शिष्य संवाद आयोजित किया गया, जिसमें शिक्षा, संस्कार और जीवन मूल्यों पर चर्चा की गई। छात्राओं ने गीत, नृत्य एवं अन्य साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।


शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप कार्यक्रम में गुरु के प्रति सम्मान, ज्ञान के महत्व और भारतीय संस्कृति में गुरु-शिष्य परंपरा को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया। साथ ही छात्राओं को अपने गुरुओं के सम्मान में पौधारोपण, शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रेरित रहने तथा समाज में सकारात्मक योगदान देने का संकल्प भी दिलाया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने छात्राओं की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें अनुशासन, संस्कार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

👁️ 50 views Views
Share This Article
Translate »