लंबित मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग, 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
जबलपुर। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल के समर्थन में जबलपुर में विभिन्न बैंकों के कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित हड़ताल के समर्थन में शुक्रवार को सरदार वल्लभभाई पटेल उद्यान, विजय नगर स्थित एसबीआई चौक एवं आईसीआईसीआई बैंक के सामने बैंककर्मियों ने एकजुट होकर प्रदर्शन और नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान बैंक कर्मचारियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) द्वारा प्रस्तावित परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) में भेदभाव समाप्त करने तथा बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों का शीघ्र, सकारात्मक एवं न्यायसंगत निराकरण किए जाने की मांग उठाई।
UFBU जबलपुर इकाई के संयोजक अभिषेक कुमार सिन्हा ने कहा कि बैंक कर्मचारी एवं अधिकारी भारतीय अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण आधार हैं। बैंकिंग व्यवस्था के माध्यम से केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने में बैंककर्मी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, मुद्रा ऋण योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना तथा स्ट्रीट वेंडर्स के लिए ऋण योजनाओं सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाने में बैंकिंग तंत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके साथ ही कृषि, लघु उद्योग, स्वरोजगार एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने में भी बैंक कर्मचारी और अधिकारी लगातार योगदान दे रहे हैं।
सिन्हा ने कहा कि बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे लंबे समय से लंबित हैं। इनका शीघ्र एवं सकारात्मक समाधान किया जाना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित पक्षों से कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक पहल करने की अपेक्षा व्यक्त की।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यदि लंबित मुद्दों का समयबद्ध एवं संतोषजनक निराकरण नहीं किया गया तो 26 अक्टूबर 2026 से बैंक कर्मचारी एवं अधिकारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे।
प्रदर्शन में प्रशांत खरे, चंदन कुमार, सुशील गुप्ता, प्रकाश रहंगडाले, दीपशिखा पटेल, एच.पी. पटेल, प्रमोद बोरकर, दीपक दीक्षित, विकास श्रीवास्तव, पंकज कुमार, आशीष खरे, तनिकेश सिंह, आकाश डोंगनिया, सचिन पटेल, मोहित रेंगटा, राकेश गुप्ता, संजय खरे, विनोद जोशी, दीपक देबकर, मिलिंद मरसकोले, संजीव कुमार, अरुण मिश्रा, दीपक तिवारी, प्रियंक तिवारी, राहुल गुहा, राकेश कमल गौतम एवं अग्निमेष दुबे सहित विभिन्न बैंकों के कर्मचारी एवं अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
UFBU जबलपुर इकाई ने राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों तथा समस्त बैंकिंग बिरादरी के प्रति आभार व्यक्त किया।
