रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
सिंगोड़ी (अमरवाड़ा) जवाहर नवोदय विद्यालय सिंगोड़ी से बिना बताए लापता हुए कक्षा 10वीं के दो नाबालिग छात्रों को अमरवाड़ा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज कुछ ही घंटों के भीतर सुरक्षित ढूंढ निकाला है। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से दोनों छात्रों को नरसिंहपुर से दस्तयाब कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया।
पढ़ाई के तनाव में छोड़ा था स्कूल
पुलिस पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा को लेकर मानसिक दबाव महसूस कर रहे थे। कोर्स कवर न हो पाने के कारण वे तनाव में थे और इसी प्रेशर के चलते वे स्कूल से भाग निकले। माता-पिता की डांट के डर से वे घर न जाकर नरसिंहपुर चले गए थे।
यहां यह भी पढ़े़- शाला में दर्ज समस्त छात्रों की मैपिंग, ड्रॉपबॉक्स क्लियर करना, यू डाइस कार्य तीन दिवस में करें पूर्ण- सीईओ जिला पंचायत.
एसआईटी (SIT) का हुआ था गठन
14 जनवरी की दोपहर करीब 3 बजे जब छात्र लापता हुए, तो स्कूल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। प्राचार्य डॉ. चंद्रशेखर पानकर की रिपोर्ट पर पुलिस ने तत्काल धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। मामला बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय एवं अति. पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन में तत्काल एसआईटी का गठन किया गया।
मुखबिर और साइबर सेल की रही अहम भूमिका
चौकी प्रभारी पंकज राय के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर तंत्र और साइबर सेल की तकनीकी मदद ली। लोकेशन ट्रेस होते ही टीम ने सक्रियता दिखाते हुए बच्चों को नरसिंहपुर में ढूंढ लिया और सकुशल वापस सिंगोड़ी लेकर आए। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की परिजनों और स्कूल प्रबंधन ने भूरी-भूरी प्रशंसा की है।
यहां यह भी पढ़े़- शाला में दर्ज समस्त छात्रों की मैपिंग, ड्रॉपबॉक्स क्लियर करना, यू डाइस कार्य तीन दिवस में करें पूर्ण- सीईओ जिला पंचायत.
पुलिस टीम की तत्परता आई काम
इस सफल रेस्क्यू में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक पंकज राय, सउनि राजकुमार सनोडिया, प्रधान आरक्षक इंद्रजीत ठाकुर, रामगणेश, राजकुमार परते, साइबर सेल से नितिन सिंह, आरक्षक पीयूष, सूरज और इक्लेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
