माँ नर्मदा जयंती के अवसर पर स्वच्छता एवं सेवा कार्यक्रम का आयोजन

Revanchal
2 Min Read

दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला, जिले में नर्मदा जयंती के उपलक्ष्य में दिनांक 25/01/2026 को माँ नर्मदा जयंती के पावन अवसर पर आदिवासी जनकल्याण विकास संस्थान के बैनर तले विकासखंड निवास के सेक्टर–03 मोहगांव अंतर्गत ग्राम बसगढ़ी में माँ नर्मदा मैया के पावन स्थान एवं तट क्षेत्र में स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन धार्मिक आस्था, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सेवा की भावना को समर्पित रहा।

कार्यक्रम के अंतर्गत माँ नर्मदा जी के तट एवं आसपास के क्षेत्र में फैले प्लास्टिक, कचरे एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों की साफ-सफाई की गई। स्वच्छता अभियान का उद्देश्य नर्मदा तट की पवित्रता बनाए रखना, पर्यावरण संतुलन को सुदृढ़ करना तथा आमजन को स्वच्छता एवं नदी संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा। उपस्थितजनों द्वारा सामूहिक श्रमदान कर स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण निर्मित करने का प्रयास किया गया।

स्वच्छता कार्यक्रम के साथ-साथ माँ नर्मदा परिक्रमा कर रहे परिक्रमा वासियों की सेवा भावना के अंतर्गत भंडारे का आयोजन भी किया गया। भंडारे में बड़ी संख्या में परिक्रमा वासियों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सेवा कार्य के माध्यम से अतिथियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति सहयोग, सद्भाव एवं मानवीय मूल्यों को बढ़ावा दिया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं द्वारा माँ नर्मदा जी को जीवनदायिनी बताते हुए उनके संरक्षण, स्वच्छता एवं निर्मलता बनाए रखने का आह्वान किया गया। साथ ही यह संदेश दिया गया कि धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का निर्वहन भी अत्यंत आवश्यक है।

वही कार्यक्रम के अंत में सभी सहभागियों द्वारा माँ नर्मदा जी को स्वच्छ, निर्मल एवं अविरल बनाए रखने का संकल्प लिया गया। यह आयोजन ग्राम स्तर पर जनसहभागिता, सेवा एवं समर्पण का एक सराहनीय उदाहरण सिद्ध हुआ, जिसने समाज में पर्यावरण संरक्षण एवं सेवा भावना को और अधिक सशक्त किया।

कार्यक्रम में जन अभियान परिषद से विकासखंड समन्वयक सूरज बर्मन, परामर्शदाता उत्तम परस्ते, नवांकुर संस्था आदिवासी जनकल्याण विकास संस्थान से प्रदीप रजक, प्रस्फुटन समिति से स्थानीय पंच एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

👁️ 0 views Views
Share This Article
Translate »