बजाग पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार
दैनिक रेवांचल टाइम्स बजाग – थाना क्षेत्र अंतर्गत पत्नी के साथ की गई मारपीट के मामले में इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम तातर निवासी 42 वर्षीय महिला के साथ उसके पति द्वारा 29 जनवरी 2026 की रात घरेलू विवाद के दौरान मारपीट की गई थी। मारपीट के दौरान महिला के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद वह गिर पड़ी और बेहोश हो गई। परिजनों द्वारा महिला को पहले बजाग अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल डिंडौरी रेफर किया गया।
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान 30 जनवरी 2026 की शाम लगभग 5 बजे महिला की मौत हो गई। डॉक्टरों द्वारा दी गई मेडिकल रिपोर्ट में मृत्यु का कारण सिर में गंभीर चोट, फ्रैक्चर एवं आंतरिक रक्तस्राव (इंट्राक्रेनियल ब्लीड) बताया गया है।
घटना की सूचना पर थाना बजाग पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान गवाहों के कथन, मेडिकल रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पति मायाराम बालरे के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।
