नेशनल हाईवे-30 पर बड़ा हादसा टला, गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा

Revanchal
14
2 Min Read

दैनिक रेवांचल टाईम्स – मंडला।


मंडला जिले में National Highway 30 पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मोतीनाला से मंडला की ओर खाली गैस सिलेंडर लेकर जा रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक MP20HB 8232 में बड़ी संख्या में खाली गैस सिलेंडर लोड थे, जिन्हें भरवाने के लिए ले जाया जा रहा था। घटना मोतीनाला थाना क्षेत्र में, थाने से लगभग तीन किलोमीटर पहले हुई। ट्रक के पलटते ही सिलेंडर सड़क पर बिखर गए, जबकि कुछ सिलेंडर आसपास के जंगल और झाड़ियों में जा गिरे।


गनीमत रही कि सिलेंडर खाली थे, अन्यथा बड़ा विस्फोटक हादसा हो सकता था। हादसे में चालक और परिचालक को मामूली चोटें आई हैं, लेकिन कोई गंभीर जनहानि नहीं हुई।


घटना की सूचना तत्काल मोतीनाला थाना पुलिस को दे दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और सड़क की स्थिति के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। प्रशासन से मांग की जा रही है कि हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

Share This Article
Translate »