जिला अस्पताल में आयुष्मान कार्डधारक से सिटी स्कैन के लिए पैसों की मांग, वीडियो वायरल

Revanchal
6
2 Min Read

दैनिक रेवांचल टाइम्स सिवनी– जिला अस्पताल सिवनी में आयुष्मान कार्डधारक मरीज से सिटी स्कैन के लिए पैसे मांगने का मामला मंगलवार को सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अस्पताल का एक कर्मचारी निशुल्क उपचार योजना के बावजूद मरीज से पैसे मांगता दिखाई दे रहा है।

कंप्यूटर ऑपरेटर पर अवैध वसूली का आरोप
जानकारी के अनुसार एक हितग्राही आयुष्मान भारत योजना के तहत सिटी स्कैन कराने जिला अस्पताल पहुंचा था। आरोप है कि वहां तैनात एक कंप्यूटर ऑपरेटर ने आयुष्मान कार्ड को अमान्य बताते हुए जांच कराने के लिए नकद भुगतान की मांग की। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने कर्मचारी द्वारा पैसे मांगे जाने का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

आयुष्मान योजना के नियमों का उल्लंघन
केंद्र और राज्य सरकार की आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र कार्डधारकों को जिला अस्पतालों में निःशुल्क जांच और उपचार की सुविधा प्रदान की जाती है। ऐसे में अस्पताल में इस प्रकार शुल्क मांगना योजना के नियमों और सरकारी निर्देशों का गंभीर उल्लंघन माना जा रहा है।

दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. जयपाल सिंह ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि यह प्रकरण उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयुष्मान कार्डधारकों से किसी भी प्रकार का शुल्क लेना प्रतिबंधित है।

सीएमएचओ ने वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल इस मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग में हलचल मची हुई है।

Share This Article
Translate »