रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
जितेन्द्र अलबेला
प्यार, तकरार और फिर रूह कंपा देने वाली वारदात। दमुआ क्षेत्र में एक प्रेमी जोड़े के रिश्ते का अंत बेहद दर्दनाक रहा।
लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका के सिर पर पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी और उसके बाद खुद भी फंदे पर झूल कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
पुलिस ने दोनों के शव बरामद कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
नदी किनारे मिला प्रेमिका का शव, क्रेशर के पीछे झूला प्रेमी
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस को सूचना मिली कि अर्धनारेश्वर मंदिर के पास कन्हान नदी के किनारे एक युवती का लहूलुहान शव पड़ा है। मृतिका की पहचान भारती डेहरिया (23 वर्ष) के रूप में हुई। मौके पर पहुंची पुलिस और FSL टीम को भारती के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले, जो प्रथम दृष्टया हत्या की ओर इशारा कर रहे थे।
हैरतअंगेज मोड़ तब आया जब भारती के शव से महज 800 मीटर की दूरी पर अग्रवाल क्रेशर के पीछे एक युवक का शव फांसी पर लटका मिला। मृतक की पहचान भारती के प्रेमी नरेश बट्टी (30 वर्ष) के रूप में हुई।
चार साल का प्यार और एक साल का कलह
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि भारती और नरेश पिछले 4 सालों से प्रेम संबंध में थे और वार्ड नं. 12 दमुआ में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। हालांकि, बीते एक साल से उनके बीच घरेलू विवाद और झगड़े बढ़ गए थे।
पुलिस का प्रारंभिक अनुमान विवेचना में यह प्रतीत हो रहा है कि बीती रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हुई। आवेश में आकर नरेश ने पत्थर से भारती के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी और फिर ग्लानि या पकड़े जाने के डर से स्वयं भी आत्महत्या कर ली।
एक नज़र में घटनाक्रम
मृतिका भारती डेहरिया (23), निवासी आलीवाड़ा (जुन्नारदेव)।
मृतक नरेश बट्टी (30), निवासी आलीवाड़ा (जुन्नारदेव)।
वारदात स्थल कन्हान नदी तट एवं अग्रवाल क्रेशर के पीछे का क्षेत्र।
जांच टीम निरीक्षक प्रमोद सिरसाम एवं उनकी पुलिस टीम।
विवेचना जारी पुलिस ने भारती की माता कलशा डेहरिया और नरेश के भाई सुरेश बट्टी की सूचना पर मामला दर्ज कर लिया है। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के साथ ही पुलिस टीम इस खूनी संघर्ष की असली वजह तलाशने में जुटी है।
