SDM कार्यालय में जाम का जलसा: रूम नंबर 10 बना मयखाना, रीडर की शराब पार्टी हुई कैमरे में कैद

Revanchal
2 Min Read

दैनिक रेवांचल टाईम्स – जबलपुर, सरकारी दफ्तर, जहां दिन में आम नागरिक अपने काम के लिए फाइलों के पीछे भटकते हैं, वहीं उसी दफ्तर में अगर रात ढलते ही जाम छलकने लगें तो सवाल केवल कर्मचारियों पर नहीं, पूरे सिस्टम पर खड़े होते हैं।

कुछ ऐसा ही मामला सामने आया है शहर के कॉलेज चौराहा स्थित अत्याधुनिक अनुविभागीय दंडाधिकारी (SDM) कार्यालय से, जहां बीती रात कार्यालय का रूम नंबर 10 कथित तौर पर मयखाने में तब्दील हो गया।


बताया जा रहा है कि देर रात कार्यालय के भीतर SDM के रीडर समेत कुछ कर्मचारी शराब के जाम छलका रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक ने मोबाइल से उनका वीडियो बना लिया। कैमरा चालू होते ही माहौल बदल गया। नशे में धुत कर्मचारियों को जैसे ही वीडियो बनाए जाने की भनक लगी, वे भड़क उठे।


आरोप है कि कर्मचारियों ने युवक से बहस शुरू कर दी और उसका मोबाइल फोन छीन लिया, ताकि वीडियो बाहर न जा सके। हालांकि तब तक मामला कैमरे में कैद हो चुका था। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और सरकारी दफ्तर की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।


सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या सरकारी कार्यालय अब रात के समय जश्न और शराब पार्टी के अड्डे बनते जा रहे हैं? जिस भवन को प्रशासनिक कामकाज और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए बनाया गया, वहीं अगर जाम छलकते दिखाई दें तो यह केवल अनुशासनहीनता नहीं, बल्कि व्यवस्था की साख पर भी चोट है।


फिलहाल इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

वही सोशल मीडिया में वायरल हुए वीडियो ने यह जरूर दिखा दिया है कि फाइलों की दुनिया के पीछे सरकारी दफ्तरों की रात कैसी गुजरती है। अब देखना यह है कि इस पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन कार्रवाई करता है या मामला भी किसी फाइल की तरह दबकर रह जाएगा।

👁️ 1 views Views
Share This Article
Translate »