रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
जितेन्द्र अलबेला
आज प्रेस वार्ता कंट्रोल रूम में उप पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने किया खुलासा l
जिला पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और कड़क कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। देहात थाना क्षेत्र के काराबोह रिंग रोड बायपास पर चल रहे एक हाईप्रोफाइल जुआ फड़ पर पुलिस ने आधी रात को दबिश देकर मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के 23 नामी जुआरियों को दबोच लिया।
आधी रात को ‘घेराबंदी’, परिंदा भी पर न मार सका
पुलिस अधीक्षक के सटीक निर्देशन में डीएसपी ललित बैरागी और उनकी टीम ने शुक्रवार रात को इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। मुखबिर की सूचना इतनी पक्की थी कि पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी की, जिससे जुआरियों को भागने का रत्ती भर भी मौका नहीं मिला। पकड़े गए आरोपियों में 10 महाराष्ट्र (नागपुर-अमरावती) और 13 मध्य प्रदेश (छिंदवाड़ा व बैतुल) के रसूखदार शामिल हैं।
बरामदगी का लेखा-जोखा
लग्जरी गाड़ियां और लाखों का कैश
पुलिस ने मौके से न केवल जुआरी पकड़े, बल्कि ऐशो-आराम और जुए में इस्तेमाल होने वाला भारी सामान भी जब्त किया है
नगद राशि: ₹3,10,300 (तीन लाख दस हजार तीन सौ रुपये)
लग्जरी गाड़ियां: 05 कारें (अल्काजार, क्रेटा, स्कार्पियो, आल्टो, रिनोल्ड) और 02 मोटरसाइकिल।
स्मार्टफोन: 23 कीमती मोबाइल फोन।
”अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ हमारा अभियान निरंतर जारी रहेगा। समाज की शांति भंग करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।पुलिस प्रशासन, छिंदवाड़ा
फरार आरोपियों की तलाश तेज
जहाँ 23 आरोपी सलाखों के पीछे पहुँच चुके हैं, वहीं इस रैकेट के कुछ मुख्य किरदार राहुल चक्की, अज्जु मण्डरा और निर्भय पटेल फिलहाल फरार हैं। पुलिस की साइबर सेल और विशेष टीमें इन फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
सफल टीम: इस कार्रवाई में डीएसपी ललित बैरागी, निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत, आशीष धुर्वे, उपनिरीक्षक दुर्गेश तिवारी, महेश अहिरवार और साइबर सेल के राहुल डोंगरे की विशेष भूमिका रही।
