बजाग में श्रीराम जन्मोत्सव पर झूमकर नाचे भक्त, मनाई खुशियां, बांटी गई मिठाइयां

Revanchal
31
3 Min Read

आस्था के सागर में भक्तों ने लगाई डुबकियां

नवनिर्मित मंदिर में सोमवार से खुल जाएंगे राम दरबार

दैनिक रेवांचल टाइम्स बजाग – नगर स्थित श्रीराम मंदिर में नौ दिवसीय श्रीराम कथा के पावन अवसर पर चौथे दिवस रविवार को भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव (रामजन्म) का उत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। पूरा मंदिर परिसर “जय श्रीराम” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा और श्रद्धालु भक्ति की गंगा में डुबकी लगाते नजर आए।


इस शुभ अवसर पर कथा वाचक पंडित कालका प्रसाद शास्त्री जी ने अपने मधुर वाणी से रामजन्म का दिव्य प्रसंग सुनाया। उन्होंने भगवान श्रीराम के अवतरण की महिमा, उनके आदर्श जीवन, मर्यादा और धर्म के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। कथा का मार्मिक वर्णन सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विह्वल हो उठे और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।


रामजन्मोत्सव के अवसर पर महिलाओं ने भक्ति गीतों पर झूमते हुए नृत्य किया और अपनी आस्था प्रकट की। मंदिर परिसर में भगवान को चढ़ाया हुए प्रसाद स्वरूप मिठाइयों एवं फल-फूलों का वितरण किया गया। इस मौके पर कथावाचक भगवताचार्य शास्त्री जी को श्रद्धालुओं द्वारा अन्न वर्तन वस्त्र सहित विभिन्न प्रकार के उपहार भेंट किए गए ।

श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ इस पावन क्षण का आनंद लिया। नगर का प्रत्येक कोना मानो राममय हो गया है—हर ओर भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का वातावरण व्याप्त है।


राममंदिर समिति एवं सकल साहू समाज तत्वाधान में नवरात्रि में आयोजित इस नौ दिवसीय आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण करने पहुंच रहे हैं। महिलाएं विशेष रूप से धार्मिक उत्साह में राम रंग में रंगी नजर आ रही हैं। मंदिर में रात्रि के समय भगवान श्रीराम की भव्य मूर्ति का आकर्षक श्रृंगार किया गया, जिसके पश्चात मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का विधिवत शैय्याधिवास संपन्न कराया गया।


मंदिर के पुजारी ने जानकारी दी कि एकादशी तिथि से ही निरन्तर अब तक विधि-विधानपूर्वक मूर्ति स्थापना, जलार्पण एवं अन्नाधिवास जैसे सभी धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न किए जा चुके हैं। मंदिर में भगवान श्रीराम के साथ माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान एवं गणेश जी की प्रतिमाएं भी विधिवत स्थापित की गई हैं।


सोमवार, चैत्र शुक्ल पक्ष द्वितीया, शुभ मुहूर्त में प्रातः नवनिर्मित मंदिर में विराजमान श्रीराम दरबार के पट श्रद्धालुओं के लिए सदा के लिए खोल दिए जाएंगे। इस अवसर पर विशेष पूजन-अर्चन का आयोजन भी किया जाएगा।
श्रीराम कथा में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु शामिल होकर धर्म लाभ अर्जित कर रहे हैं। भगवान श्रीराम की दिव्य लीलाओं का मार्मिक वर्णन सुनकर श्रद्धालु भक्ति में लीन हो रहे हैं और पूरा बजाग नगर इस समय सच्चे अर्थों में कहे तो राममय हो गया है।

Share This Article
Translate »