दैनिक रेवांचल टाईम्स – मंडला, मध्य प्रदेश के मंडला जिले की नैनपुर तहसील अंतर्गत ग्राम सरी सिंगारपुर के किसानों ने राष्ट्रीय राज्यमार्ग निर्माण के लिए किए जा रहे भूमि अधिग्रहण पर गंभीर आपत्ति जताई है। इस संबंध में समस्त ग्रामवासियों ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) नैनपुर को आवेदन सौंपते हुए मुआवजा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि शासन द्वारा जारी अधिग्रहण नोटिस में केवल खसरा नंबरों का उल्लेख किया गया है, लेकिन प्रत्येक खसरे से कितनी भूमि अधिग्रहित की जा रही है, इसका स्पष्ट विवरण नहीं दिया गया है। इस वजह से किसानों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है और उन्हें भविष्य में नुकसान होने की आशंका सता रही है।
अस्पष्ट जानकारी से बढ़ी चिंता
किसानों का कहना है कि बिना स्पष्ट रकबे की जानकारी के अधिग्रहण प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है, जो पूरी तरह से उचित नहीं है। ऐसे में कई किसानों को यह समझ ही नहीं आ रहा कि उनकी कितनी जमीन प्रभावित हो रही है।
मुआवजा राशि पर भी उठे सवाल
ग्रामीणों ने मुआवजा राशि को भी असंतोषजनक बताया है। उनका कहना है कि तय की गई राशि वर्तमान बाजार मूल्य के अनुरूप नहीं है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
किसानों की प्रमुख मांगें
प्रत्येक खसरे से अधिग्रहित होने वाले रकबे का स्पष्ट उल्लेख किया जाए
पारदर्शिता के साथ पुनः नोटिस जारी किया जाए पूरी जानकारी मिलने तक अधिग्रहण प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए
प्रशासन से न्याय की उम्मीद
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए अधिग्रहण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रम की स्थिति और भविष्य में होने वाले विवादों से बचा जा सके।
भूमि अधिग्रहण मुआवजे पर किसानों की आपत्ति, पुनः नोटिस जारी करने की मांग
👁️ 1 views Views
