रेवांचल टाईम्स मंडला – तहसील मुख्यालय घुघरी अंतर्गत ग्राम पंचायत घोरेघाट में हुए चर्चित हत्याकांड के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पकड़े गये पांच आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया। घटना के बाद क्षेत्र में फैले तनाव और आक्रोश के बीच पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय बना हुआ है।
वही बताया जा रहा है कि किराना सामान के पैसे को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया था। विवाद के दौरान आरोपियों द्वारा एक ही परिवार पर हमला किया गया, जिसमें अनिल पड़वार की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी थी और लगातार दबिश देकर छः आरोपियों को गिरफ्तार किया। आज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। न्यायालय परिसर में भी पुलिस बल तैनात रहा ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो।
ग्रामीणों का कहना है कि इस जघन्य घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रशासन को निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं लोगों ने यह भी मांग की है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भी शीघ्र गिरफ्तारी हो और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
घटना के बाद गांव में अभी भी तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।
