जनपद की समीक्षा बैठक में कुपोषण उन्मूलन से लेकर जल प्रबंधन तक का तय हुआ रोडमैप

दैनिक रेवांचल टाइम्स बजाग – आकांक्षी विकासखंड बजाग में शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को गति देने के उद्देश्य से जनपद पंचायत सभाकक्ष में ‘सामान्य सभा’ एवं ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती फूल कली मरावी ने की। इस दौरान विकासखंड की प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा कर आगामी कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक में ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ के अंतर्गत कुपोषण उन्मूलन और आंगनबाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण को विशेष प्राथमिकता दी गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छ पेयजल और क्रियाशील शौचालय की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। साथ ही 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पोषण आहार का नियमित वितरण हो तथा वजन और ऊंचाई का शत-प्रतिशत सटीक डाटा दर्ज किया जाए, जिससे कुपोषण मुक्त बजाग का लक्ष्य हासिल किया जा सके।
आगामी ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए जल प्रबंधन पर भी विशेष रणनीति बनाई गई। जल संसाधन विभाग को निर्देश दिए गए कि किसी भी ग्राम में पेयजल संकट उत्पन्न न हो, इसके लिए पूर्व तैयारी की जाए। वहीं वन विभाग को गर्मी के मौसम में जंगलों को आग से बचाने के लिए ज्वलनशील पदार्थों के उपयोग पर सख्त निगरानी रखने तथा नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया गया। बताया गया कि 1078 हितग्राहियों के लिए पूर्व स्वीकृत आवास की राशि जारी कर दी गई है, जिससे ग्रामीणों को शीघ्र ही पक्के मकान मिल सकेंगे। साथ ही स्थानीय जनजातीय कला को बढ़ावा देने और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए ‘गोंडी पेंटिंग प्रशिक्षण कार्यशाला’ आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
एसडीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कृषि एवं पशुपालन विभाग को ग्राम चौपाल के माध्यम से योजनाओं की जानकारी सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाने तथा शिक्षा विभाग को आगामी सत्र में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जनपद पंचायत बजाग कार्यालय में नवीन आरओ पेयजल प्यूरीफायर का लोकार्पण जनपद अध्यक्ष एवं सदस्यों द्वारा किया गया, जिससे कार्यालय आने वाले हितग्राहियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
बैठक में जनपद उपाध्यक्ष राधेश्याम कुशराम, सदस्य विनोद साहू, लोकेश पटेरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनपद सदस्य उपस्थित रहे।

इनका कहना है
“हमारा लक्ष्य केवल कागजी आंकड़े नहीं, बल्कि धरातल पर वास्तविक परिवर्तन लाना है। बजाग विकासखंड विकास के हर मानक पर अव्वल रहे, यही हमारी प्राथमिकता है।”
— राम बाबू देवांगन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत बजाग

Share This Article
Translate »