रेलवे हॉस्पिटल नरसिंहपुर में वेंडरों का स्वास्थ्य परीक्षण, 13 विक्रेताओं की हुई जांच

Revanchal
2 Min Read


दैनिक रेवांचल टाइम्स | नरसिंहपुर
रेल यात्रियों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिनांक 11 जून 2026 को रेलवे हॉस्पिटल नरसिंहपुर में अधिकृत वेंडरों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 13 वेंडरों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें फिटनेस प्रमाणित किया गया।


स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान जनरल हेल्थ चेकअप के अंतर्गत वेंडरों का ब्लड प्रेशर (बीपी), शुगर, हाइट, वेट एवं बीएमआई की जांच की गई। इसके अतिरिक्त पैथोलॉजिकल जांच, चेस्ट एक्स-रे, स्टूल परीक्षण तथा बलगम (स्पुटम) की जांच भी कराई गई। चेस्ट एक्स-रे एवं बलगम जांच के माध्यम से टीबी (क्षय रोग) जैसी संक्रामक बीमारी की संभावना को रूल आउट किया गया, वहीं स्टूल परीक्षण के जरिए किसी भी प्रकार के कृमि (वर्म) संक्रमण की जांच की गई।


रेलवे चिकित्सक डॉ. आर.आर. कुर्रे ने बताया कि इस स्वास्थ्य परीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि खाद्य सामग्री बेचने वाले वेंडर किसी भी प्रकार के संक्रामक रोग से प्रभावित न हों और पूर्णतः स्वस्थ हों। इससे रेल यात्रियों को सुरक्षित एवं स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।


उन्होंने वेंडरों को खाद्य सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। वेंडरों को खाद्य सामग्री को हमेशा ढककर रखने, ग्लव्स एवं मास्क का उपयोग करने तथा किसी भी प्रकार की एक्सपायरी खाद्य सामग्री का विक्रय नहीं करने की सलाह दी गई।

उन्होंने कहा कि यात्रियों को शुद्ध, ताजा एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता है।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत एवं वैध वेंडरों से ही खाद्य सामग्री खरीदें। अवैध वेंडरों से खरीदे गए खाद्य पदार्थ स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकते हैं तथा यात्रियों को जहरखुरानी जैसी घटनाओं का भी सामना करना पड़ सकता है।

👁️ 3 views Views
Share This Article
Translate »