निर्माण के साल भर बाद ही उखड़ने लगी डामर सड़क की परते घटिया कार्य की खुली पोल

Revanchal
35
2 Min Read

बजाग–सैलावार मार्ग होते जा रहा बदहाल, जगह-जगह हुए गड्ढे

बजाग। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित बजाग से सैलवार तक लगभग 9 किलोमीटर दूरी वाली डामरीकृत सड़क निर्माण के महज एक वर्ष बाद ही बदहाल होने लगी है। सड़क पर डामर की परत कई स्थानों पर उखड़ रही है और बाहर आ जाने से मार्ग धीरे धीरे जर्जर होते जा रहा है जिससे आवागमन भी परेशानी भरा हो गया है।

कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जिससे वाहन चालकों और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।लोगों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी द्वारा आनन फानन में सड़क बनाकर गारंटी अवधि में संधारण करने की बजाय उसी हाल में छोड़ दिया गया है


ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया, जिसके कारण सड़क इतनी जल्दी खराब हो गई। पांच साल की गारंटी वाली इस सड़क को अब तत्काल मरम्मत की दरकार है, लेकिन संबंधित ठेकेदार द्वारा इस ओर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।


ग्रामीणों की मानें तो कुछ दिनों पूर्व ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा शीघ्र ही मेंटेनेंस किए जाने की बात कही गई थी, परंतु “आजकल करेंगे” कहकर काम को लगातार टाला जा रहा है। इससे निर्माण एजेंसी के प्रति स्थानीय ग्रामीणों में असंतोष पनप रहा है।


प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के नियमों के अनुसार निर्माण एजेंसी को निर्धारित अवधि तक सड़क का संधारण (मेंटेनेंस) करना अनिवार्य है। इसके बावजूद मार्ग की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है, जो ठेकेदार की लापरवाही को उजागर कर रही है।


स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की गुणवत्ता की जांच कराते हुए शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका से बचा जा सके और ग्रामीणों को सुरक्षित व सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

Share This Article
Translate »