दैनिक टाईम्स – मंडला, 27 अगस्त 2026। किसानों की समस्याओं और भावांतर योजना के विरोध को लेकर किसान गर्जना संगठन के बैनर तले आगामी 1 सितंबर, मंगलवार को दोपहर 1 बजे प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। संगठन ने जिलेभर के किसानों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।
किसान गर्जना संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद चौधरी के निर्देशन में होने वाली इस ज्ञापन कार्रवाई को लेकर संगठन पदाधिकारियों ने किसानों से निर्धारित समय पर कलेक्ट्रेट मंडला पहुंचने का आह्वान किया है।
संगठन का आरोप है कि सरकार की भावांतर योजना किसानों के लिए राहत के बजाय नई परेशानी खड़ी करने वाली व्यवस्था साबित हो रही है। संगठन की प्रमुख मांग है कि भावांतर योजना को वापस लेकर पूर्व की तरह धान खरीदी सोसायटियों के माध्यम से की जाए। इसके साथ ही चुनावी घोषणा के अनुरूप फसलों का उचित मूल्य दिलाने तथा खाद, बीज और कृषि दवाओं की कीमतों में कमी करने के साथ-साथ इनकी कमी की समस्या दूर करने की मांग भी ज्ञापन में रखी जाएगी।
संगठन पदाधिकारियों के अनुसार वर्तमान कृषि व्यवस्था किसानों को मजबूत करने के बजाय उन्हें आर्थिक रूप से मजबूर करती जा रही है। किसानों को अपनी उपज का पूरा मूल्य नहीं मिल पा रहा है और खेती लगातार घाटे का सौदा बनती जा रही है। वहीं प्रस्तावित व्यवस्था में किसानों को अपनी फसल दूर-दराज की मंडियों तक ले जाने के लिए 50 किलोमीटर तक अतिरिक्त परिवहन खर्च वहन करना पड़ सकता है, जिससे किसानों की लागत और बढ़ने की आशंका है।
किसान गर्जना संगठन ने कहा कि सरकार को किसान हित में ऐसी नीतियां बनानी चाहिए, जिनसे किसान को उसकी उपज का लागत के अनुरूप लाभकारी मूल्य मिले और कृषि व्यवस्था में व्याप्त परेशानियों का स्थायी समाधान हो सके।
भवदीय,
किसान गर्जना संगठन
जिला अध्यक्ष — पी.डी. खैरवार
जिला संगठन मंत्री — चंद्रगुप्त नामदेव
मीडिया प्रभारी — सहजान सिंह परस्ते
