गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत, कार्रवाई की मांग
सिवनी। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत गल्ला मंडी में एक किसान ने व्यापारी पर गाली-गलौज करने एवं जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए मंडी सचिव और कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई है।
गेहूं तुलाई में देरी से शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कारीरात थाना लखनवाड़ा निवासी आदित्य बघेल पिता अनिल बघेल 20 मई को अपनी गेहूं की उपज लेकर सिमरिया कृषि मंडी पहुंचे थे। किसान के अनुसार उनकी उपज की खरीदी ललित टेंडर्स द्वारा की गई, लेकिन एक दिन बीत जाने के बाद भी गेहूं की तुलाई नहीं कराई गई।
“तुलाई के बदले मांगे पैसे”
किसान आदित्य बघेल ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने तुलाई में हो रही देरी की जानकारी मंडी अधिकारियों को दी, तब व्यापारी पक्ष द्वारा तुलाई कराने के बदले पैसों की मांग की गई। किसान का कहना है कि उन्हें कहा गया कि जब तक पैसे नहीं दिए जाएंगे, तब तक तुलाई नहीं होगी।
फोन पर गाली-गलौज और धमकी का आरोप
आदित्य बघेल ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में अपने पिता अनिल बघेल को जानकारी दी। इसके बाद ललित टेंडर्स के संचालक शिव सनोदिया एवं उनके साथी द्वारा फोन पर गाली-गलौज की गई तथा जनपद कार्यालय के पास मिलने के लिए बुलाया गया। किसान ने आरोप लगाया कि इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।
मंडी सचिव और थाना में दी शिकायत
पीड़ित किसान ने मामले की लिखित शिकायत मंडी प्रशासन एवं कोतवाली थाना में सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की है। साथ ही संबंधित विभागीय अधिकारियों से ऐसे व्यापारियों का लाइसेंस निरस्त करने की मांग भी की है, ताकि भविष्य में किसानों के साथ इस प्रकार की घटनाएं न हों।
“परिवार को नुकसान हुआ तो व्यापारी जिम्मेदार”
किसान ने कहा कि यदि उसे या उसके परिवार को किसी प्रकार की हानि पहुंचती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित व्यापारी पक्ष की होगी।
