विधायक दिनेश राय मुनमुन ने पुण्य सलिला मां वैनगंगा को किया नमन

दैनिक रेवांचल टाइम्स सिवनी– मकर संक्रांति के पावन अवसर पर बुधवार, 14 जनवरी 2026 को सिवनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक दिनेश राय मुनमुन ने ग्राम लखनवाड़ा स्थित मोक्षदायिनी एवं जीवनदायिनी मां वैनगंगा के पवित्र तट पर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं किसानों की उन्नति के लिए मां वैनगंगा से मंगलकामनाएं कीं।

धार्मिक अनुष्ठान के तहत विधायक दिनेश राय मुनमुन ने श्रद्धालुओं के साथ घाट की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। विद्वान पंडितों के मंत्रोच्चारण के बीच दुग्धाभिषेक, पूजन-अर्चन के पश्चात चुनरी भेंट की गई। ढोल, मंजीरे और शंखध्वनि के बीच आयोजित भव्य महाआरती में विधायक ने सहभागिता करते हुए मां वैनगंगा की आरती उतारी तथा जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर विधायक दिनेश राय मुनमुन ने कहा कि मकर संक्रांति सूर्य के उत्तरायण होने का पर्व है, जो जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और आशा का संचार करता है। मां वैनगंगा हमारी जीवनरेखा हैं।

मैंने मां से प्रार्थना की है कि सिवनी क्षेत्र का हर घर सुख-शांति से परिपूर्ण रहे और हमारे अन्नदाता किसानों की फसलें सदैव लहलहाती रहें।

कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से श्याम मिलन पांडे, संतोष नगपुरे, तरुण मुनिया टांक, मनोज नामदेव, नीतेश सनोडिया (मंडल अध्यक्ष लखनवाड़ा), संजय बघेल (मंडल अध्यक्ष मुंगवानी), अभिषेक दुबे (नगर मंडल अध्यक्ष दक्षिण सिवनी), उपसरपंच देवेन्द्र बघेल, पार्षद राजू यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा, थाना प्रभारी लखनवाड़ा सी.के. सिरामे सहित प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।

Share This Article
Translate »