पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, छात्र-छात्राओं को वितरित किए गए तुलसी के पौधे
रेवांचल टाइम्स मंडला विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पर्यावरण जलवायु परिवर्तन आयोग तथा पर्यावरण एवं प्रदूषण सुरक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जन-जागरूकता, पौधारोपण एवं तुलसी पौधा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों, विशेषकर युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और उन्हें प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराना था।उल्लेखनीय है कि 4 जून को पर्यावरण जलवायु परिवर्तन आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष शैलेश गर्ग द्वारा मंडला जिले में नई नियुक्ति की गई, जिसके तहत जिले के समाजसेवी एवं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. अजय वंशकार को पर्यावरण एवं प्रदूषण सुरक्षा विभाग में जिला स्वास्थ्य अधिकारी (डीएचओ) के पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। नियुक्ति के बाद डॉ. वंशकार ने पदभार ग्रहण करते ही पर्यावरण संरक्षण को लेकर सक्रिय पहल शुरू की और विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जागरूकता अभियान आयोजित किया।यह कार्यक्रम रानी दुर्गावती महाविद्यालय में आयोजित किया गया, जहां छात्र-छात्राओं को तुलसी के पौधे वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, स्वच्छता और प्रदूषण नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण कितना आवश्यक है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य अनिल गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं का विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जीवन में पौधारोपण को अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय वंशकार ने जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न हो रही चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बढ़ता प्रदूषण और लगातार घटते हरित क्षेत्र भविष्य के लिए गंभीर खतरा हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ठोस प्रयास नहीं किए गए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम में समाजसेवी संध्या कांड्रा, स्पर्श मिश्रा सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का वचन दिया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और समाज में प्रकृति संरक्षण की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
