होली में न करे हुड़दंग,शांति सौहार्द से मनाए पर्व
बजाग – होली पर्व के मद्देनजर थाना भवन बजाग में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी शिवलाल मरकाम ने की। उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं ग्रामीणों को होली के दौरान शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति पर जबरन रंग या गुलाल न लगाया जाए, जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सके। खराब या केमिकल युक्त रंगों का उपयोग न करने की अपील की गई। शराब पीकर वाहन चलाने, स्टंटबाजी करने तथा हुड़दंग करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। साथ ही कहा गया कि चंदा वसूली के नाम पर मुख्य मार्गों में पत्थर रखकर या रस्सी बांधकर रास्ता अवरुद्ध न किया जाए। ऐसा करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में यह भी समझाइश दी गई कि सोशल मीडिया पर किसी भी समुदाय विशेष की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली पोस्ट साझा न करें। होली आपसी भाईचारे और सद्भाव का पर्व है, इसे शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में होलिका दहन के दौरान सावधानी बरतने तथा लकड़ी इकट्ठा करने के नाम पर किसी प्रकार का विवाद न करने की बात कही गई। होलिका दहन के समय का विशेष ध्यान रखने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने पर जोर दिया गया।
गुलाल खेलने के बाद नशे की हालत में नदी-नालों या तालाबों के गहरे पानी में स्नान करने से बचने की अपील की गई, ताकि किसी अप्रिय घटना की संभावना न रहे। किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक गीत, नारे या डीजे पर अशोभनीय गाने बजाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
वर्तमान में बोर्ड परीक्षाएं संचालित होने के कारण डीजे के उपयोग पर विशेष नियंत्रण रखने की बात कही गई। आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य रहेगा तथा सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। डीजे संचालन करने वाले कर्मचारियों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
विद्युत संबंधी समस्याओं पर चर्चा करते हुए बताया गया कि यदि कहीं विद्युत लाइन टूट जाए या कोई तकनीकी खराबी आए तो आमजन स्वयं सुधार का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल 1912 पर सूचना दें। बैठक में उपस्थित विद्युत विभाग के जेई पन्नेलाल ने भी इस संबंध में आवश्यक जानकारी दी।
थाना प्रभारी ने बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की और सभी समुदायों से एक-दूसरे के धर्म और परंपराओं का सम्मान करते हुए त्योहार मनाने का आग्रह किया।
बैठक में ग्राम पंचायत माल की सरपंच द्रोपदी रौतेल, रैयत सरपंच शंकर धुर्वे, उपसरपंच मुरारी लाल साहू, जनपद सदस्य लोकेश पटेरिया, शानित रजक, कमलेश पटेरिया, संतोष साहू, मानिक लाल, चूरामन साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक, ग्रामीणजन, विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं पुलिस अमला उपस्थित रहा।
