गंगा दशहरा के उपलक्ष्य में नर्मदा मंदिर का जीर्णोद्धार

Revanchal
2 Min Read

मां नर्मदा की प्रतिमा स्थापित कर मनाया गंगा दशहरा

दैनिक रेवांचल टाइम्स मंडला/मंडला जिले की सिलगी ग्राम पंचायत अंतर्गत आने वाले खारी गांव में गंगा दशहरा पर्व के शुभ अवसर पर लगभग पच्चीस वर्ष पुराने अधूरे मंदिर का जीर्णोद्धार कर मां नर्मदा की प्रतिमा स्थापित की गई। गांव वासियों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ गंगा दशहरा पर्व मनाया।


गांव के जागरूक नागरिकों ने वर्षों से अधूरे पड़े निर्माणाधीन मंदिर को पूर्ण करवाने का संकल्प लिया और जनसहयोग से मंदिर निर्माण कार्य संपन्न कराया। इसके बाद मां नर्मदा की प्रतिमा स्थापित कर धार्मिक आयोजन आयोजित किया गया।


प्रतिमा स्थापना का संपूर्ण कार्य जबलपुर से पधारे पंडित ज्ञानचंद तिवारी महाराज द्वारा विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न कराया गया। इस दौरान गांव के जजमानों एवं श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
मूर्ति स्थापना के उपरांत शाम 6 बजे से रात्रि 11 बजे तक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें गांव सहित आसपास के श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप खीर, पूड़ी, पुलाव एवं सब्जी का वितरण किया गया। सभी ग्रामीणों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।


इस अवसर पर ग्रामीणों ने जल संचय और जल संवर्धन का संकल्प भी लिया तथा मां नर्मदा के संरक्षण का संदेश दिया।
वहीं गांव वासियों द्वारा करवाए गए इस मंदिर जीर्णोद्धार कार्य की आमजनता ने सराहना की। लोगों ने कहा कि अधूरे और जीर्ण-शीर्ण पड़े मंदिरों का पुनर्निर्माण एवं संरक्षण करना समाज के लिए प्रेरणादायक संदेश है। नए मंदिर बनाने के बजाय पुराने धार्मिक स्थलों को संवारना हमारी सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने का एक सकारात्मक प्रयास है।

👁️ 9 views Views
Share This Article
Translate »