शिक्षकों में दिखी एकजुटता
दैनिक रेवांचल टाइम्स बजाग – आजाद अध्यापक शिक्षक संघ संयुक्त मोर्चा के प्रांतीय आह्वान पर प्रदेशभर में चल रहे विरोध कार्यक्रमों के तहत बजाग विकासखंड मुख्यालय में शनिवार को शिक्षकों ने टीईटी परीक्षा के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में शिक्षक एकजुट होकर रैली में शामिल हुए और अपने अधिकारों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
ज्ञात हो कि 8 अप्रैल 2026 को जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाने के बाद 11 अप्रैल को विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम बजाग में संपन्न हुआ। आगामी कार्यक्रमानुसार प्रांतीय स्तरीय धरना एवं रैली का आयोजन भी किया जाना है गांधी चौक प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में विकासखंड के सैकड़ों शिक्षकों ने भाग लिया और टीईटी परीक्षा के आदेश को रद्द करने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया।


कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने सभा कर अपने विचार रखे और सरकार के निर्णय का विरोध जताया। इसके बाद सभी शिक्षको ने एकजुट होकर गांधी चौक से तहसील कार्यालय तक रैली निकाली। रैली के माध्यम से उन्होंने अपनी मांगों को प्रभावी ढंग से प्रशासन तक पहुंचाया।
तहसील कार्यालय पहुंचकर शिक्षकों ने तहसीलदार भरत सिंह बट्टे को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए टीईटी परीक्षा के आदेश को निरस्त करने की मांग की। इस दौरान गोंडवाना पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष प्रशांत मरावी भी अपनी टीम के साथ मौजूद रहे और उन्होंने भी समर्थन पत्र सौंपकर शिक्षकों के आंदोलन को समर्थन दिया।
इस पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में विकासखंड के सभी शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रमुख रूप से बीआरसी ब्रजभान सिंह गौतम, प्राचार्य तीरथ परस्ते, ओमकार बघेल, बलवंत साहू, अनिल साहू, दीपेंद्र चौहान, विनोद साहू, बलवंत मरावी, बलराम चौबे, सीता मोगरे, कृष्णावती मरावी, पुष्पा ठाकुर, विजय भरवे सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
शिक्षकों की इस एकजुटता ने स्पष्ट संकेत दिया कि वे अपनी मांगों को लेकर गंभीर हैं और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को और तेज किया जा सकता है
