बजाग – नगर के समीपी ग्राम परडिया डोंगरी के एक घर में उस समय भय का माहौल बन गया, जब जगन्नाथ साहू के पक्के मकान के परिसर में एक सांप के विचरण करने की सूचना मिली। घर के आसपास सांप को देख परिजन भयभीत हो गए तथा तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सामान्य वन परिक्षेत्र बजाग की टीम मौके पर पहुंची। वनपाल अजय मुकुंद पोल एवं वनरक्षक दिनेश मार्को ने सावधानी और सूझबूझ का परिचय देते हुए आवश्यक उपकरणों की मदद से गेहुआ प्रजाति के सर्प को सुरक्षित तरीके से पकड़ा। रेस्क्यू के दौरान आसपास खड़े लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश भी दी गई।
वन विभाग की टीम ने सर्प को किसी प्रकार की क्षति पहुंचाए बिना सुरक्षित पकड़कर तरच क्षेत्र के जंगल में छोड़ दिया, ताकि वह अपने प्राकृतिक आवास में लौट सके। पूरी कार्रवाई व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी वन्य जीव के दिखाई देने पर घबराएं नहीं और स्वयं उसे पकड़ने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास न करें।
वन्य जीव प्रकृति का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा और संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। ऐसी स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित और वैधानिक कार्रवाई की जा सके
