एसडीएम सचिन जैन की अनोखी पहल, ओवरलोड ऑटो पर दिखाई सख्ती

Revanchal
2 Min Read

रेवांचल टाइम्स मंडला – तहसील मुख्यालय घुघरी में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) घुघरी सचिन जैन ने एक सराहनीय पहल करते हुए क्षमता से अधिक सवारी लेकर चल रहे एक ऑटो वाहन पर कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार बस स्टैंड घुघरी में निरीक्षण के दौरान एसडीएम सचिन जैन की नजर एक ऐसे ऑटो पर पड़ी जिसमें निर्धारित क्षमता से अधिक यात्री बैठे हुए थे। इस पर उन्होंने तत्काल वाहन को रुकवाया और अतिरिक्त सवारियों को उतरवाकर वाहन चालक को सख्त निर्देश दिए कि भविष्य में क्षमता से अधिक सवारी न बैठाई जाए तथा यातायात एवं सड़क सुरक्षा नियमों का पूर्णतः पालन किया जाए।


एसडीएम ने कहा कि ओवरलोड वाहन न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि यात्रियों की जान के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करते हैं। छोटी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए सभी वाहन चालकों को निर्धारित नियमों का पालन करना चाहिए।


स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि घुघरी क्षेत्र में कई बार ऑटो और अन्य यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर संचालन किया जाता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसे में प्रशासन द्वारा समय-समय पर की जाने वाली कार्रवाई सड़क सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


सड़क सुरक्षा को लेकर दिया संदेश
एसडीएम सचिन जैन ने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। प्रशासन की यह पहल सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

👁️ 53 views Views
Share This Article
Translate »