ग्रामीणों ने सामूहिक श्रमदान कर स्वच्छता कर दिया संदेश
दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, मंडला के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में नवांकुर संस्था “आदिवासी जनकल्याण विकास संस्थान” द्वारा ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति, हीरापुर के सक्रिय सहयोग से “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत ग्राम हीरापुर में जल स्रोतों के संरक्षण एवं स्वच्छता संवर्धन हेतु विशेष स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
उक्त कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्राम स्तर पर उपलब्ध पारंपरिक जल स्रोतों, विशेषकर कुओं, की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करना, जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्धता को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम हीरापुर में सर्वाधिक संख्या में कुओं की सामूहिक रूप से साफ-सफाई की गई। इस कार्य में ग्रामवासियों, विद्यार्थियों एवं समिति के सदस्यों द्वारा सक्रिय सहभागिता प्रदर्शित की गई।
कार्यक्रम के अंतर्गत कुओं से कचरा, गाद एवं अन्य अवांछित पदार्थों को हटाकर जल स्रोतों को स्वच्छ एवं उपयोग योग्य बनाया गया। साथ ही उपस्थित ग्रामीणों को जल संरक्षण, स्वच्छता के महत्व एवं जल स्रोतों के सतत रख-रखाव के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर स्वच्छता के प्रति जनसामान्य को जागरूक करने हेतु प्रेरक संदेश भी दिए गए।
कार्यक्रम में नवांकुर संस्था की ओर से उमा गणेश लोधी की विशेष उपस्थिति रही। इसके अतिरिक्त ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्य बबलू दास धार्वे, श्रीमती मंजू दास गंगवाल, ग्राम के छात्र-छात्राएं तथा अन्य ग्रामीणजन भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना सक्रिय योगदान दिया।
उक्त गतिविधि के माध्यम से ग्राम में स्वच्छता एवं जल संरक्षण के प्रति सकारात्मक वातावरण का निर्माण हुआ, जिससे भविष्य में जल स्रोतों के संरक्षण एवं सतत उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त होने की अपेक्षा है।
