दस दिन कराया काम, मजदूरी में मिले सिर्फ पांच सौ रुपए

Revanchal
13
3 Min Read

तीन महीने बाद भी नहीं हुआ पूरा भुगतान, दो दर्जन मजदूर परेशान

उपयंत्री की साठगांठ से सरपंच सचिव ने कर ली राशि आहरित

बजाग – जनपद की ग्राम पंचायत परडिया डोंगरी में मजदूरों के मजदूरी भुगतान को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत के वार्ड क्रमांक 2 स्थित ढीमर मोहल्ले में लगभग तीन माह पूर्व बनाई गई सीसी सड़क के निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को अब तक पूरा भुगतान नहीं मिल पाया है। मजदूरों का आरोप है कि उनसे करीब दस दिनों तक लगातार काम कराया गया, लेकिन बदले में मात्र पांच सौ रुपए ही मजदूरी के रूप में दिए गए।
भुगतान नहीं मिलने से मजदूरों में भारी नाराजगी व्याप्त है। मजदूर वर्ग के लोगों का कहना है कि वे लगातार पंचायत के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के सामने रोजमर्रा का खर्च चलाने तक का संकट खड़ा हो गया है।


बताया गया कि उक्त सीसी सड़क का निर्माण फरवरी-मार्च माह में पंच परमेश्वर योजना के तहत कराया गया था। निर्माण कार्य में मोहल्ले के लगभग दो दर्जन मजदूरों ने श्रम किया था। ग्रामीण रजनी बाई,सुनी बाई , पांचों बाई महेंद्र नंदा का आरोप है कि योजना के तहत मजदूरों को कार्य पूर्ण होने के तुरंत बाद नगद भुगतान किया जा सकता है, इसके बावजूद तीन महीने बीत जाने के बाद भी मजदूरी अटकी हुई है।


ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरपंच, सचिव और उपयंत्री की मिलीभगत से सड़क निर्माण की राशि का अधिकांश भुगतान निकाल लिया गया, जबकि मजदूरों को उनका मेहनताना नहीं दिया जा रहा है। मजदूरों ने जल्द भुगतान कराने की मांग की है।

घटिया निर्माण की भी खुली पोल
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े किए हैं। लगभग सत्तर मीटर लंबी बनाई गई सीसी सड़क में निर्माण के एक माह के भीतर ही दरारें दिखाई देने लगी हैं। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।


ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में सामग्री और कार्य दोनों स्तर पर लापरवाही बरती गई है। निर्माण कार्य पूरा होने के कुछ ही समय बाद सड़क टूटने लगी, जिससे पंचायत के कार्यों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

Share This Article
Translate »