डिंडौरी जिले के 26 वन ग्राम अब कहलाएंगे राजस्व ग्राम

Revanchal
2 Min Read

मध्यप्रदेश राजपत्र की अधिसूचना के अनुसार भू-सर्वेक्षण प्रक्रिया प्रारंभ, नए अधिकार अभिलेख तैयार किए जाएंगे


डिंडौरी, 20 जुलाई 2026
मध्यप्रदेश राजपत्र में 26 जून 2026 को प्रकाशित अधिसूचना के अनुसार डिंडौरी जिले के 26 वन ग्रामों को राजस्व ग्राम में परिवर्तित किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर द्वारा अधिसूचना जारी गयी है। जिला सर्वेक्षण अधिकारी द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता (भू-सर्वेक्षण तथा भू-अभिलेख) नियम, 2020 के नियम-14 के तहत संबंधित क्षेत्रों में भू-सर्वेक्षण की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। सर्वेक्षण के दौरान नवीन अधिकार अभिलेख तैयार किए जाएंगे, जिनमें समस्त खातेदारों के नाम, उनके अंश, दायित्व एवं अन्य अधिकारों का अभिलेखीकरण किया जाएगा। साथ ही ग्रामों के लिए विस्तृत नक्शे तथा अन्य आवश्यक अभिलेख भी तैयार किए जाएंगे।


अधिसूचना के अनुसार डिंडौरी तहसील के सुरखी, उमरधा, गोरखपुर, उसरगुण्डी, ढोलबीजा, गौराकन्हारी, ढाबा, रजनीसरई, धुरकुटा, अजगर, फिटारी, सरई बजाग तहसील से जामपानी, ढाडपथरा, बोयरहा, दलदलकपोटी, दोमाहानी, त्रिसुला, चौरादादर, लदरादादर, सोनतीरथ, जगतपुर, कबीरचबूतरा तथा शहपुरा तहसील से झगरहटा, जलधरा और ग्राम झीरपानी सहित कुल 26 ग्रामों में भू-सर्वेक्षण किया जाएगा।


अधिसूचना में संबंधित क्षेत्र के नागरिकों से अपील की गई है कि वे सर्वेक्षण कार्य के दौरान अपने क्षेत्र में उपस्थित रहकर सर्वेक्षण दल को आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा भूमि से संबंधित स्वत्व, सीमाएं, अंश, दायित्व एवं अधिकारों की जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे सर्वेक्षण कार्य सुचारु एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।

👁️ 305 views Views
Share This Article
Translate »