पुलिस अधीक्षक ने नव आरक्षकों को दिया देशभक्ति, जनसेवा, अनुशासन और ईमानदारी का संदेश
बदलती पुलिसिंग आधुनिक तकनीक और साइबर अपराधों की चुनौतियों के लिए अपडेट रहने की नसीहत
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार एवं पुलिस महानिदेशक D GP के नेतृत्व में मध्यप्रदेश पुलिस को अधिक सक्षम, तकनीकी रूप से दक्ष और जनोन्मुखी बनाने के प्रयास तेज हो गए हैं। इसी कड़ी में वर्ष 2025 की पुलिस आरक्षक भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत जिला पुलिस छिंदवाड़ा को 29 नए आरक्षक मिल गए हैं। गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने इन सभी नव चयनित आरक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपकर पुलिस परिवार में उनका स्वागत किया।
पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, समाज सेवा का माध्यम: एसपी
नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान नव आरक्षकों को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय ने कहा कि,पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। आमजन की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखना और नागरिकों के विश्वास को जीतना ही प्रत्येक पुलिसकर्मी का सर्वोच्च दायित्व होना चाहिए।
उन्होंने बदलते समय का हवाला देते हुए नव आरक्षकों को सचेत किया कि वर्तमान में पुलिसिंग का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। आधुनिक तकनीक, साइबर अपराधों की चुनौतियों और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए हर पुलिसकर्मी को निरंतर सीखते रहना और खुद को अपग्रेड रखना बेहद जरूरी है।
संघर्ष से सफलता की प्रेरणादायक कहानियां
खास बात यह है कि इस बैच में चयनित कई युवा बेहद सीमित संसाधनों और कठिन पारिवारिक परिस्थितियों से जूझकर यहाँ तक पहुँचे हैं। उनके अथक परिश्रम और दृढ़ संकल्प से मिली यह सफलता अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है। अधिकारियों ने उनके इस जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि ये युवा अब प्रदेश की कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करेंगे।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस विशेष अवसर पर रक्षित निरीक्षक आशीष तिवारी, पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी डी.एस. शेंडे, स्थापना शाखा लिपिक पंकज बाइकर, वेतन शाखा लिपिक कार्तिक गनौरकर, सहायक नितिन शर्मा, सौरभ सलामे, पुलिस लाइन ऑफिसर केशव इंगले, पुलिस लाइन एचसीएम नरेश पाल, मंगेश मेश्राम, सिल्वेस्टर सिमोन सहित समस्त पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा। सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने नए आरक्षकों को उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल सेवा जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
